डेढ़ साल से फरार नाजिया परवीन को जीवनपुर-कोलाबिरा से दबोचा, विपुल कर्मकार राममड़ैया बस्ती आदित्यपुर से गिरफ्तार
आदित्यपुर। आदित्यपुर थाना पुलिस ने बुधवार को एनडीपीएस एक्ट से जुड़े दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
जीवनपुर-कोलाबिरा से नाजिया परवीन गिरफ्तार
वर्ष 2025 के आदित्यपुर थाना कांड संख्या 97/25 में ब्राउन शुगर बरामदगी के मामले में मुख्य साजिशकर्ता के रूप में सामने आई नाजिया परवीन को पुलिस ने जीवनपुर, कोलाबिरा, सरायकेला-खरसावां से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद वह करीब डेढ़ वर्ष तक मुंबई, दिल्ली, ओडिशा और बंगाल में छिपकर रह रही थी। वह दो-चार दिन पूर्व ही जीवनपुर-कोलाबिरा में रहने आई थी, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
राममड़ैया बस्ती से विपुल कर्मकार धराया
आदित्यपुर थाना कांड संख्या 209/2026, दिनांक 28 जुलाई 2026, धारा 17(b)/21(b)/27(a) एनडीपीएस एक्ट के प्राथमिकी अभियुक्त विपुल कर्मकार उर्फ विपुल लोहार को पुलिस ने राममड़ैया बस्ती, आदित्यपुर से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी से बचने के लिए विपुल आदित्यपुर छोड़कर छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में छिपकर रह रहा था। उसके आदित्यपुर लौटने की गुप्त सूचना मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे राममड़ैया बस्ती से गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेशी के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, विपुल कर्मकार का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। वह लूट, छिनतई, आर्म्स एक्ट और ब्राउन शुगर से जुड़े मामलों में आदित्यपुर, कदमा और बिष्टुपुर थाना से कई बार जेल जा चुका है। कुछ दिन पूर्व ही उसके भाई सिपुल कर्मकार को भी छिनतई के एक मामले में जेल भेजा गया था
