ब्रह्मर्षि विकास महिला मंच के गठन हेतु चुनाव प्रक्रिया पर मंथन, 25 जुलाई को बनेगी चुनाव संचालन की रणनीति

 

जमशेदपुर। ब्रह्मर्षि विकास मंच केन्द्रीय समिति की ओर से स्वामी सहजानंद सरस्वती ब्रह्मर्षि भवन, कदमा में ब्रह्मर्षि विकास महिला मंच के गठन एवं चुनाव प्रक्रिया को लेकर एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक में ब्रह्मर्षि विकास मंच की सभी क्षेत्रीय समितियों के अध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में ब्रह्मर्षि विकास महिला मंच के गठन के लिए पारदर्शी, लोकतांत्रिक एवं चरणबद्ध चुनाव प्रक्रिया अपनाने पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी 25 जुलाई 2026 को केबल वेलफेयर क्लब, गोलमुरी में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें चुनाव संचालन की विस्तृत रणनीति एवं कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया जाएगा। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि सबसे पहले ब्रह्मर्षि विकास मंच की सभी क्षेत्रीय इकाइयों में महिला मंच का चयन कराया जाएगा। प्रत्येक क्षेत्रीय इकाई में निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित चुनाव सुनिश्चित करने के लिए केन्द्रीय समिति द्वारा पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। सभी क्षेत्रीय इकाइयों में चुनाव सम्पन्न होने के उपरांत, उन इकाइयों से निर्वाचित प्रतिनिधियों द्वारा ब्रह्मर्षि विकास महिला मंच की केन्द्रीय समिति का गठन एवं चयन किया जाएगा।
बैठक में मुख्य संरक्षक विकास सिंह ने संगठन की मजबूती के लिए महिलाओं की सक्रिय भागीदारी को आवश्यक बताते हुए कहा कि महिला मंच संगठन की सामाजिक, शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को नई दिशा प्रदान करेगा।
उन्होंने कहा कि नई समिति समाजहित, महिला सशक्तिकरण, युवा पीढ़ी के मार्गदर्शन तथा सामाजिक एकता के लिए नई ऊर्जा और नई सोच के साथ कार्य करे।
श्री विकास सिंह ने विशेष रूप से महिलाओं से आह्वान किया कि वे संगठन की गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लें, नेतृत्व की जिम्मेदारियाँ संभालें तथा ब्रह्मर्षि समाज की उन्नति में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँ। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि एक मजबूत एवं सक्रिय महिला मंच ब्रह्मर्षि विकास मंच की शक्ति को कई गुना बढ़ाएगा और समाज के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण योगदान देगा। संस्थापक महासचिव राज किशोर सिंह ने कहा कि महिला मंच का गठन संगठन के विस्तार और समाज की आधी आबादी की प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
अध्यक्ष सत्येंद्र कुमार ने सभी क्षेत्रीय समितियों से आपसी समन्वय एवं अनुशासन के साथ चुनाव प्रक्रिया को सफल बनाने का आह्वान किया।
बैठक को संबोधित करते हुए ब्रह्मर्षि विकास मंच के सलाहकार दीपेन्द्र सिंह (दीपू सिंह) ने कहा कि ब्रह्मर्षि विकास महिला मंच समाज की आधी आबादी का प्रतिनिधित्व करता है, इसलिए इसका सशक्त, संगठित और सक्रिय होना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि महिला मंच केवल एक संगठन नहीं, बल्कि समाज में महिलाओं के नेतृत्व, शिक्षा, आत्मनिर्भरता और सामाजिक सहभागिता को बढ़ाने का एक प्रभावी माध्यम है।
उन्होंने उपस्थित सभी सदस्यों से आग्रह किया कि आगामी चुनाव पूर्णतः लोकतांत्रिक, पारदर्शी, निष्पक्ष एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराया जाए, ताकि योग्य एवं समर्पित नेतृत्व का चयन हो सके।
बैठक में महिला मंच की पूर्व अध्यक्षा बिमला सिंह अपने सहयोगी महिला सदस्यों के साथ उपस्थित रहीं तथा महिला मंच के नयी कमिटी का चयन,विस्तार एवं सशक्त संगठन निर्माण के लिए सभी महिलाओं से सक्रिय सहयोग का आग्रह किया। बैठक का सफल संचालन उमानाथ सिंह ने किया।
बैठक में मुख्य रूप से मुख्य संरक्षक विकास सिंह, संस्थापक महासचिव राज किशोर सिंह, अध्यक्ष सत्येंद्र कुमार, दीपु सिंह, राम उदय सिंह, अनिल ठाकुर, मुन्ना सिंह, सभी क्षेत्रीय समितियों के अध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

Share this News...