बिहार में TRE-4 परीक्षा एकल चरण में कराने का फैसला लिया गया है
बिहार में पिछले कई दिनों से चल रहे छात्र आंदोलन का असर आखिरकार दिख गया. छात्रों की मांगों पर सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए TRE-4 परीक्षा को एकल चरण में आयोजित करने का निर्णय लिया है. यह छात्रों की प्रमुख मांगों में शामिल था. सरकार के इस फैसले के बाद आंदोलन कर रहे छात्रों को बड़ी राहत मिली है और परीक्षा को लेकर लंबे समय से चल रही असमंजस की स्थिति भी खत्म होने की उम्मीद है.
TRE-4 को लेकर सरकार का बड़ा फैसला
सरकार का कहना है कि छात्रों की मांगों और उनके हितों को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है. TRE-4 परीक्षा अब एक ही चरण में आयोजित की जाएगी, जिससे अभ्यर्थियों को तैयारी और परीक्षा प्रक्रिया में आसानी होगी. इसके अलावा सरकार ने छात्रों से जुड़े 9 अन्य महत्वपूर्ण फैसले भी लिए हैं.
परीक्षा सुधार के लिए बनेगी विशेषज्ञ समिति
राज्य सरकार ने विभिन्न प्रतियोगी और भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता और सुधार के लिए “परीक्षा सुधार पर विशेषज्ञ समिति” गठित करने का फैसला किया है. यह समिति पटना हाईकोर्ट के एक न्यायाधीश की अध्यक्षता में काम करेगी. समिति छात्रों की शिकायतें सुनेगी और परीक्षा प्रणाली को बेहतर बनाने के लिए सुझाव भी देगी.
छात्रों की शिकायतों के लिए पोर्टल और शिविर
सरकार ने विद्यार्थियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए “विद्यार्थी सहयोग पोर्टल” और “विद्यार्थी सहयोग शिविर” शुरू करने की घोषणा की है. इन माध्यमों से छात्रों की शिकायतों का निस्तारण 30 दिनों के भीतर किया जाएगा. सरकार का कहना है कि छात्रों के भविष्य को बेहतर बनाने और उनकी समस्याओं का समय पर समाधान सुनिश्चित करने के लिए यह कदम उठाया गया है.
