बिहार — सिवान में पटाखा कारोबारी के घर में तेज धमाका, 7 से 8 लोगों की मौत की सूचना, 2 घंटे तक होते रहे धमाके

सिवान में पटाखों के विस्फोट से मकान का आगे का हिस्सा टूटकर सड़क पर गिर गया।
सिवान: बिहार के सिवान जिले में पटाखे बनाने के दौरान तेज आवाज के साथ ब्लास्ट हुआ है। इस ब्लास्ट में सात से आठ लोगों के मरने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि इसकी अभी पुष्ट नहीं हुई है। घटना जामो थाना क्षेत्र के आलमपुर गांव की है। बताया जाता है कि एक मकान में पटाखे बनाए जा रहे थे, तभी पटाखों में तेज आवाज के साथ धमाका हो गया। इसमें कई घायल हुए हैं। घायलों को एंबुलेंस के जरिए निकट के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मो. अमीरुद्दीन मियां के मकान में रखे पटाखों में हुआ विस्फोट
मिली जानकारी के मुताबिक, जामो थाना क्षेत्र के आलमपुर गांव में शुक्रवार को एक मकान में पटाखे बनाए जा रहे थे। तभी पटाखों में आग लगने से भीषण विस्फोट हो गया। घटना में सात लोगों की मौत की सूचना मिल रही है। हालांकि मौतों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। बताया जाता है कि मो. अमीरुद्दीन मियां के मकान में रखे पटाखों में आग लगने के बाद लगातार धमाके होने लगे।

बताया जाता है कि मो. अमीरुद्दीन मियां पटाखों का कारोबार करते हैं। दीपावली नजदीक आने की वजह से पटाखे बनाने का काम जोर-शोर से चल रहा है।
मकान का अगला हिस्सा ढहकर सड़क पर गिरा
विस्फोट इतना जोरदार था कि मकान का अगला हिस्सा ढहकर सड़क पर गिर गया। करीब दो घंटे तक रुक-रुककर धमाके होते रहे। शवों के क्षत-विक्षत होने के कारण पहचान में परेशानी होने की सूचना है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी पुलिस-प्रशासन को दी गई है।

खबर की ज्यादा जानकारी का इंतजार है।

Share this News...