झारखंड में 27 अक्टूबर से बदलेगा मौसम,बंगाल की खाड़ी में लो-प्रेशर, 28 और 29 अक्टूबर को कई इलाकों के लिए येलो अलर्ट जारी

रांचीः झारखंड में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है, लेकिन आने वाले दिनों में मौसमी गतिविधियों में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं. मौसम केंद्र, रांची के मुताबिक मौसम में संभावित बदलाव की प्रमुख वजह बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रही मौसमी प्रणाली है. इस प्रणाली के पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने और अधिक प्रभावी होने के आसार हैं. इसके अतिरिक्त उत्तर बांग्लादेश और पूर्वोत्तर झारखंड के आसपास भी समुद्र तल से करीब 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है. इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से झारखंड के मौसम में बदलाव हो सकता है. 27 अक्टूबर से बादलों की आवाजाही बढ़ने और कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. 28 और 29 अक्टूबर को राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.

26 अक्टूबर तक कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 25 अक्टूबर तक राज्य में सुबह के समय धुंध या कुहासा छाने की संभावना है. इसके बाद दिन में आसमान मुख्य रूप से साफ रह सकता है. इस दौरान अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं. 26 अक्टूबर को सुबह धुंध के बाद आसमान में आंशिक रूप से बादल दिखाई दे सकते हैं. इस अवधि में मौसम शुष्क रहने के कारण बारिश की संभावना कम रहेगी. हालांकि, सुबह और रात के समय मौसम में हल्की ठंडक महसूस हो सकती है.

28 और 29 अक्टूबर को इन इलाकों में बारिश

झारखंड में 27 अक्टूबर से मौसम में बदलाव के संकेत हैं. सुबह से ही आंशिक बादल छाने लगेंगे. इस दिन राज्य के पूर्वी, दक्षिण और निकटवर्ती मध्य भागों में कहीं-कहीं मेघ गर्जन के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा होने की संभावना है. लेकिन 28 तारीख को मौसमी गतिविधि और प्रबल होगी. उस दिन राज्य के दक्षिण और इनसे सटे मध्य भागों (पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसांवा, रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद) में कहीं-कहीं भारी वर्षा की संभावना जताई गई है. इसी तरह 29 अक्टूबर को राज्य के दक्षिण, मध्य और उत्तर-पश्चिमी भागों (पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसांवा, रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा, धनबाद, पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार) में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है. इसको लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी कर दिया है.

Share this News...