बोकारो मैं बड़ा हादसा कोयला का ढेर धसने से सात दबे,तीन महिलाओं की मौत

: झारखंड के बोकारो में कोयले के ढेर धंसने से सात लोग उसकी चपेट में आ गए. जिसमें तीन महिलाओं की मौत की खबर है. हादसा बेरमो अनुमंडल के कथारा ओपी क्षेत्र स्थित कथारा कोलियरी के नंबर-5 स्टॉकयार्ड में गुरुवार सुबह करीब 4:45 बजे हुआ.

जानकारी के अनुसार, पूरा मामला अवैध माइनिंग से जुड़ा है. स्टॉकयार्ड में रिजेक्ट किया हुआ कोयला था. स्थानीय ग्रामीण जलावन के लिए यही रिजेक्ट कोयला निकाल रहे थे. इसी दौरान अचानक ऊपर से कोयले का ढेर धंस गया, जिसकी चपेट में 6 महिलाएं और एक पुरुष आ गए. जैसे ही हादसे की सूचना मिली, सभी घायलों को कोयले के ढेर से निकाला गया और आनन-फानन में सभी को इलाज के लिए सीसीएल अस्पताल ले जाया गया, जहां तीन महिलाओं की मौत की सूचना है.

हादसे के बाद पुलिस को भी सूचना दी गई. जिसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच में जुट गई है. मृतकों में कौशल्या देवी और पुष्पा देवी की पहचान हुई है, जबकि तीसरी महिला का नाम स्पष्ट नहीं हो पाया है. तीनों बांध बस्ती की रहने वाली बताई जा रही हैं.

बेरमो एसडीपीओ रवींद्र सिंह ने घटना की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि मामले को लेकर जांच की जाएगी, आखिर किस परिस्थिति में ऐसी घटना हुई. स्थानीय पुलिस और सीसीएल प्रबंधन मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई कर रहे हैं.

Share this News...