राष्ट्रपति,राज्यपाल, सीएम हेमंत, अर्जुन मुंडा ने उलिहतु में किया भगवान बिरसा मुंडा को नमन

राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू, राज्यपाल रमेश बैस, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन , जनजातीय मामलों के केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री श्रीमती अन्नपूर्णा देवी और राज्य की महिला, बाल विकास एवं समाज कल्याण मंत्री श्रीमती जोबा मांझी ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर उनके जन्म स्थली उलीहातू, खूंटी में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर राष्ट्रपति ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के वंशजों से मुलाकात की।_*
राष्ट्रपति वायुसेना के विशेष विमान से राजधानी रांची स्थित बिरसा मुंडा अंतरर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरीं। यहां गार्ड ऑफ ऑनर लेने के पश्चात धरती आबा बिरसा मुंडा के पैतृक गांव उलिहातू गईं। राष्ट्रपति ने झारखंड के लोगों को राज्य स्थापना दिवस की बधाई दी। राष्ट्रपति ने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल पर लिखा कि जोहार झारखंड! राज्य स्थापना दिवस पर मैं झारखंड के सभी निवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं देती हूं! मैं चाहती हूं कि झारखंड के लोग अपनी संस्कृति, परम्पराओं और रीति-रिवाजों को संजोते हुए पर्यावरण अनुकूल विकास के नए आयाम स्थापित करें।
जनजातीय गौरव दिवस की भी बधाई दी
इस मौके पर राष्ट्रपति ने देशवासियों को जनजातीय गौरव दिवस की भी बधाई दी। राष्ट्रपति ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस पर सभी देशवासियों, विशेषकर जनजातीय समाज के भाइयों और बहनों को मैं बधाई देती हूं! जनजातीय समुदायों ने अपनी कला, शिल्प और कठिन परिश्रम से राष्ट्र के जीवन को समृद्ध किया है। उनकी जीवनशैली, विश्व समुदाय को प्रकृति के संवर्धन की शिक्षा प्रदान करती है।

जनजातीय समुदायों ने भी दिया है बलिदान
राष्ट्रपति ने कहा कि जनजातीय समुदायों ने स्वाधीनता संग्राम में महान योगदान दिया। मैं सभी ज्ञात-अज्ञात जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों, वीरों-वीरांगनाओं को नमन करती हूं। आजादी के बाद से देश की विकास-यात्रा में जनजातीय लोगों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनके विकास और समृद्धि के लिए मेरी शुभकामनाएं!

Share this News...