“भारत माता की जय” और “इंकलाब जिंदाबाद” के नारों से गूंजा भगत सिंह शहीद चौक
जमशेदपुर। शहीद-ए-आजम एवं महान क्रांतिकारी सरदार भगत सिंह की 119वीं जयंती के अवसर पर जेमको स्थित भगत सिंह शहीद चौक पर सतबीर सिंह सोमू के नेतृत्व में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर शहीद भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई.
कार्यक्रम के दौरान “भारत माता की जय”, “शहीद भगत सिंह अमर रहें” और “इंकलाब जिंदाबाद” के गगनभेदी नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
इस अवसर पर भाजपा नेता सतबीर सिंह सोमू ने कहा कि आज हम जिस स्वतंत्र भारत में खुली हवा में सांस ले रहे हैं, उसके पीछे भगत सिंह जैसे महान क्रांतिकारियों का अतुलनीय त्याग और बलिदान है। उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के सामने कभी अपना सिर नहीं झुकाया और देश की आजादी के लिए हंसते-हंसते अपने प्राण न्योछावर कर दिए। उनका साहस, संघर्ष और राष्ट्रप्रेम सदैव युवाओं को प्रेरणा देता रहेगा।
वहीं भारतीय जनता युवा मोर्चा, गोलमुरी मंडल अध्यक्ष नवजोत सिंह सोहल ने कहा कि भगत सिंह जी का जीवन देशभक्ति, साहस और राष्ट्र के प्रति समर्पण की अमर मिसाल है। उन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए अदम्य साहस के साथ संघर्ष किया और मात्र 23 वर्ष की आयु में हंसते-हंसते फांसी के फंदे को चूमकर मातृभूमि के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उनका जीवन और विचार आज भी देश के युवाओं में राष्ट्रप्रेम की ऊर्जा और नई चेतना पैदा करते हैं।
उन्होंने कहा कि भगत सिंह को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब युवा उनके साहस, अनुशासन, राष्ट्रप्रेम और देशहित के प्रति समर्पण को अपने जीवन में उतारें।
कार्यक्रम में रितेश झा,सुखपाल सिंह,सुरेंद्र सिंह शिंदे, इंद्रजीत सिंह, जसवंत सिंह, कर्मजीत सिंह कामे, जगतार सिंह नागी, जगतार सिंह नागी , हैप्पी सिंह, कुलवंत सिंह, कुलवंत सिंह काते, जोगिंदर सिंह सोनू, शरणजीत सिंह, परमजीत सिंह पम्मा, टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन पूर्व अध्यक्ष श्री अमलेश रजक कॉमेटी मेंबर,मुरली मौर्य ,गुरमीत सिंह लखन पाल,उज्जवल कुमार ,राजू तिवारी अकरम सहित बड़ी संख्या में सिख समाज के भाई एवं युवा साथी उपस्थित रहे।
