JMM से बैजनाथ राम और बीजेपी समर्थित  परिमल नाथवानी जीते,कांग्रेस प्रत्याशी को केवल 20 वोट मिले.

झारखंड राज्यसभा चुनाव परिणाम:


झारखंड राज्यसभा चुनाव के नतीजे सामने आ गए हैं. झारखंड में दो राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव हुआ था. इसमें से एक सीट पर बीजेपी समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी चुनाव जीत गए हैं. वहीं दूसरी सीट पर झारखंड मुक्ति मोर्चा से बैजनाथ राम जीते. नतीजों की आधिकारिक घोषणा बाकी है.

 

झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू ने कहा- इंडिया गठबंधन को राष्ट्रीय जनता दल और वामदल ने धोखा दिया। उन्होंने आशंका जताई कि आरजेडी और वामदल के विधायकों ने पैसा लेकर एनडीए समर्थित प्रत्याशी के हक में वोटिंग की है। के. राजू ने दावा किया कि प्रणव झा को कांग्रेस के सभी 16 विधायकों का वोट मिला।

मतदान में सभी 81 विधायकों ने वोट डाले थे. तीन वोट अमान्य घोषित हुए. नाथवानी को 30 वोट मिले, जबकि बैद्यनाथ राम को 29 वोट.

इस बीच एक सूत्र ने दावा किया है कि मतदान में कांग्रेस प्रत्याशी को राजद के चार व माले के दो विधायकों का समर्थन नहीं मिला. सभी छह वोट निर्दलीय प्रत्याशी के पक्ष में गए. इस कारण कांग्रेस उम्मीदवार को हार का सामना करना पड़ा.

इस राज्यसभा चुनाव की मतगणना में सबसे चौंकाने वाला तथ्य तीन मतों का अमान्य (रिजेक्ट) घोषित होना रहा. राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इन तीन अमान्य वोटों ने ऐन वक्त पर हार-जीत के पूरे समीकरण को बदलकर रख दिया, जिससे मुकाबला और भी अप्रत्याशित हो गया.

उल्लेखनीय है कि आधिकारिक घोषणा से पहले ही राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा तेज हो गई कि भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नथवानी को 28 वोट मिले हैं, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा को 20 वोट प्राप्त हुए हैं. विधानसभा परिसर में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने “जय श्री राम” के नारे लगाए, जिससे माहौल पूरी तरह चुनावी रंग में रंग गया.

 

परिमल नथवानी देश के प्रमुख उद्योगपतियों और अनुभवी राजनेताओं में गिने जाते हैं. वे वर्ष 2008 से 2020 तक झारखंड का राज्यसभा में प्रतिनिधित्व कर चुके हैं. इसके बाद वे आंध्र प्रदेश से राज्यसभा सदस्य बने. उनका मौजूदा कार्यकाल समाप्ति की ओर है और इसी बीच उन्होंने झारखंड से फिर राज्यसभा पहुंचने की दावेदारी पेश की.

इस बार का चुनाव शुरुआत से ही बेहद दिलचस्प माना जा रहा था. झारखंड विधानसभा में जीत के लिए 28 वोटों की जरूरत थी, जबकि एनडीए के पास केवल 24 विधायक थे. ऐसे में नथवानी की जीत का रास्ता क्रॉस वोटिंग से होकर गुजरता दिख रहा था. मतदान के बाद सामने आए आंकड़ों ने इसी संभावना को मजबूत किया.

बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि झारखंड से राज्यसभा के चुनाव में NDA समर्थित प्रत्याशी परिमल नाथवानी को जीत की बधाई , उन्हें कुल 28 मत मिले. कांग्रेस प्रत्याशी को केवल 20 वोट मिले. महागठबंधन बुरी तरह हारा.

क्रॉस वोटिंग से हुई एनडीए के परिमल की जीत

झारखंड की एक राज्यसभा सीट पर जीत के लिए कुल 28 वोटों की जरूरत थी। जेएमएम के पास कुल 34 विधायक हैं। ऐसे में जेएमएम प्रत्याशी वैद्यनाथ राम की जीत तय मानी जा रही थी। लेकिन कांग्रेस के पास जीत के लिए जरूरी 28 वोट अकेले दम पर नहीं थे। इसलिए कांग्रेस प्रत्याशी प्रणव झा को जीत के लिए जेएमएम के 6 विधायक, राजद के 4 और भाकपा माले के 2 विधायकों के समर्थन की जरूरी थे। कांग्रेस के 16 और जेएमएम, आरजेडी और भाकपा माले के विधायकों का वोट मिलने के बाद कांग्रेस की भी जीत तय हो पाती। लेकिन बीच में ही क्रॉस वोटिंग हो गई और एनडीए के परिमल नथवानी विजेता हो गए।

मॉक पोल की मेहनत बेकार, विधानसभा में बहुमत के बावजूद हारा INDIA

जबकि चुनाव से पहले INDIA गठबंधन ने मॉक पोल कराए थे। ताकि आज चुनाव में मतदान करते समय किसी भी तरह की कन्फ्यूजन न रहे, लेकिन अंतता वही हुआ जिसका INDIA गठबंधन को डर था। कल हुए मॉक पोल में झामुमो प्रत्याशी बैद्यनाथ राम को 29 मत मिले थे, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी प्रणव झा को 25 वोट प्राप्त हुए थे।

इस अभ्यास के जरिए महागठबंधन ने अपने विधायकों को यह समझाया गया था कि किस प्रकार प्राथमिकता के आधार पर मतदान करना है ताकि दोनों उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित की जा सके। लेकिन सारी मेहनत धरी की धरी रह गई।

अब राज्यसभा चुनाव के इन नतीजों के साथ झारखंड की राजनीति में नई बहस छिड़ गई है। विधानसभा में बहुमत होने के बावजूद INDIA गठबंधन दूसरी सीट नहीं बचा पाया, जबकि NDA ने सीमित संख्या बल के बावजूद एक सीट अपने खाते में डालकर राजनीतिक बढ़त हासिल कर ली।

कांग्रेस के राज्यसभा उम्मीदवार प्रणव झा ने कहा, “मैं अपनी पार्टी का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं कि उन्होंने मुझ जैसे संगठन के कार्यकर्ता को झारखंड से उम्मीदवार बनाया। मैं अपने सभी MLA का भी शुक्रिया अदा करता हूं, जिन्होंने कड़ी मेहनत की और अपनी कोशिशों में कोई कसर नहीं छोड़ी।

Share this News...