लुक आउट !JH 05 B – 1443 पर सवार कथित सरकारी अधिकारी Chandil सड़क दुर्घटना में घायल महिला को ले भागा !!


Chandil,19 April: NH 33 चांडिल थाना क्षेत्र के वीरीगोड़ा में पिछले दिनों एक कार ने महिला को टक्कर मार दी थी जिसमें महिला गंभीर रूप से घायल हो गई थी। इस दौरान कार सवार घायल महिला का इलाज एमजीएम में करवाने की बात कहकर उसे अपने साथ ले गया था। लेकिन अगले दिन जब परिजन एमजीएम अस्पताल पहुंचे तो वहां महिला मौजूद नहीं थी। इस संबंध में महिला के बेटे ने चांडिल थाना में मामला दर्ज कराया है जिसमें बताया गया है कि आसनबनी गांव के टोला वीरीगोड़ा निवासी वेकी रानी (43) 17 अप्रैल की शाम को एनएच किनारे स्थित राशन दुकान से घर जा रही थी। इसी क्रम में रांची से टाटा की ओर जा रहे वाहन संख्या JH 22 B – 5703 ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई थी। इस दौरान एक व्यक्ति आया जो स्वयं को फदलोगोड़ा निवासी रामनाथ शर्मा बताया। उसने ग्रामीणों से कहा कि वह एक सरकारी पदाधिकारी हैं और घायल महिला का बेहतर इलाज करवाएंगे। उसने बताया था कि वह घायल महिला को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले जा रहा है। शिकायत में बताया गया है कि उक्त व्यक्ति घायल महिला को वाहन संख्या JH 05 B – 1443 से ले गया था। लेकिन अगले दिन 18 अप्रैल को जब महिला के परिजन एवं ग्रामीण एमजीएम पहुंचे तो वहां महिला नहीं थी। अस्पताल में पूछताछ करने से पता चला कि वेकी रानी नाम की कोई घायल महिला इलाज के लिए वहां नहीं लायी गयी है। महिला के बेटे कमल सिंह ने पुलिस से अपनी मां को तलाशने की गुहार लगायी है।

Share this News...