सु्प्रीम कोर्ट के आदेश पर वापस जेल जाएंगे अनंत सिंह, कहा- सरेंडर कर देंगे, नीरज ने केस में फंसा दिया

सुप्रीम कोर्ट ने मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह को दुलारचंद यादव मर्डर केस में 1 दिसंबर तक आत्मसमर्पण करके फिर से जेल जाने का आदेश दिया है। सुप्रीम कोर्ट ने अनंत सिंह को बेटी शिवांगी सिंह की 25 नवंबर को तय शादी के लिए एक महीने की मोहलत दी है और शादी के बाद 1 दिसंबर तक जेल लौटने कह दिया है। सुप्रीम कोर्ट में जस्टिस एमएम सुंदरेश और जस्टिस प्रसन्ना बी वराले की बेंच ने आज (30 अक्टूबर) सुनवाई के दौरान राज्य सरकार को 4 महीने में इस मामले की जांच पूरी कर लेने कहा है, जिसके बाद अगली सुनवाई होगी। संयोग से बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दौरान 30 अक्टूबर के दिन ही दुलारचंद यादव की हत्या हुई थी।

कोर्ट में अनंत सिंह के वकील ने बेटी की 25 नवंबर की शादी की जानकारी देकर रियायत मांगी थी। कोर्ट ने 29 सितंबर को पिछली सुनवाई में साफ कहा था कि 30 अक्टूबर को कोई स्थगन नहीं दिया जाएगा। मुकदमे में बिहार सरकार पार्टी नंबर 1 और अनंत सिंह पार्टी नंबर 2 हैं। बिहार सरकार ने 24 अक्टूबर को दाखिल एफिडेविट में अनंत सिंह की क्रिमिनल हिस्ट्री में 62 दर्ज मुकदमों का जिक्र किया है। सरकार ने यह भी बताया है कि केस में चार्जशीट दाखिल हो चुकी है।

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद मीडिया के सामने आए विधायक अनंत सिंह ने कहा कि वो कोर्ट के फैसले का सम्मान करते हैं और आदेश के मुताबिक सरेंडर कर देंगे। अनंत सिंह ने जेडीयू एमएलसी नीरज कुमार के खिलाफ हमला जारी रखते हुए कहा कि नीरज ने ही उनको दुलारचंद यादव मर्डर केस में फंसा दिया, जबकि वो घटना के समय वहां नहीं थे। अनंत सिंह ने आरोप लगाया कि नीरज ने ही पटना हाईकोर्ट से जमानत के बाद जेल से निकलने पर यह केस दिल्ली में करवाया है। हालांकि नीरज एमएलसी ने इन आरोपों से इनकार किया और कहा कि दुलारचंद यादव के पोते का नाम भी नीरज कुमार है।

मोकामा के चर्चित दुलारचंद यादव हत्याकांड में अनंत सिंह को पटना हाईकोर्ट से 19 मार्च को बेल मिलने के बाद जेल से रिहा कर दिया गया था। दुलारचंद यादव के पोते नीरज कुमार ने अनंत सिंह की जमानत रद्द करने के लिए सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। नीरज कुमार के वकीलों की तरफ से दलील दी गई है कि हाईकोर्ट ने अनंत सिंह को जमानत देने में उनके आपराधिक इतिहास पर गौर नहीं किया। राज्य सरकार ने 24 अक्टूबर को दायर हलफनामा में अनंत सिंह की ‘बहुत भारी क्रिमिनल हिस्ट्री’ में हत्या, हत्या के प्रयास, अपहरण, आर्म्स एक्ट जैसी ‘गंभीर धाराओं’ में दर्ज कुल 62 मुकदमों की जानकारी कोर्ट को दी है।

जेडीयू एमएलसी नीरज कुमार के ऊपर तंज कसते हुए विधायक अनंत सिंह ने कहा कि नीरज जी जिसको आशीर्वाद देंगे, वही जिंदा रहेगा, नहीं तो बाकी सब मर जाएगा। इस बयान का संदर्भ यह है कि नीरज कुमार ने कल कहा था कि वो जेडीयू के केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने ना बधाई लेंगे, ना आशीर्वाद लेंगे, बल्कि उन्होंने जो किया है, उसको सूद सहित वापस करेंगे।
: ललन सिंह का नाम सम्मान से लो, पत्रकार पर भड़के अनंत सिंह
अनंत सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में ललन सिंह को लेकर एक सवाल पर पत्रकार से कहा कि ललन सिंह का नाम सम्मान से लो। अनंत सिंह ने कहा कि ललन नाम के बहुत लोग होते हैं, या तो ललन बाबू बोलो या मंत्री जी बोलो। पत्रकार को अनंत सिंह ने कहा कि तुम ऐसे ललन बोल रहे हो, जैसे अपना चेला को बुला रहे हो।

Share this News...