बाबूलाल मरांडी व डीबी सुंदर रामम करेंगे उद्घाटन, सुरक्षा व यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासन से की मांग
जमशेदपुर, 11 अगस्त (रिपोर्टर) : काशीडीह स्थित ठाकुर प्यारा सिंह धुरंधर सिंह क्लब की ओर से इस वर्ष भी दुर्गापूजा पर आकर्षक पंडाल एवं मेले का आयोजन किया जा रहा है. इस बार पंडाल की खासियत मिट्टी की हंडियों से की गई सजावट होगी, जिसके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने का संदेश दिया जाएगा. पंडाल का उद्घाटन मंगलवार, 13 अक्टूबर को राज्य के प्रथम मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी और टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट (कॉरपोरेट सर्विसेज) डीबी सुंदर रामम करेंगे.
क्लब के संरक्षक अभय सिंह ने पत्रकारों को बताया कि मिट्टी की हंडियों की सौंधी खुशबू और घड़े के शीतल जल से जुड़ी हमारी पारंपरिक संस्कृति को याद करने के साथ ही नई पीढ़ी को भी इससे परिचित कराना इस पहल का मुख्य उद्देश्य है. इसके जरिए लोगों को पर्यावरण संरक्षण और पारंपरिक मिट्टी के बर्तनों के महत्व के प्रति जागरूक किया जाएगा. पत्रकार सम्मेलन में क्लब के उपाध्यक्ष नरेश अग्रवाल, श्याम खंडेलवाल, सचिव सत्येन्द्र पासवान, कन्हैया पुष्टि, नीलेश सिंह, बबलू नायक और सुमित अग्रवाल सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे.
सुरक्षा और यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग
अभय सिंह ने पूजा पंडाल और मेले में उमडऩेवाली संभावित भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन से व्यापक सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की. उन्होंने पंडाल में महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए महिला वॉलंटियरों की तैनाती, शहर में दिन के समय नो-एंट्री लागू करने तथा दुर्गापूजा के दौरान मानगो फ्लाईओवर के निर्माण कार्य को स्थगित रखने का आग्रह किया. उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं से अपील की कि पूजा के दौरान कीमती जेवरात पहनकर बाहर निकलने से बचें और अपनी सुरक्षा के प्रति सतर्क रहें.
प्रतियोगिता से अलग रहेगी पूजा कमेटी
अभय सिंह ने स्पष्ट किया कि उनकी पूजा कमेटी किसी भी प्रकार की प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं लेगी. शहर में 300 से अधिक स्थानों पर दुर्गापूजा का आयोजन होता है और उनकी नजर में सभी पूजा आयोजन श्रेष्ठ है.
