टाटा मोटर्स में आज बोनस समझौता संभव

जमशेदपुर : टाटा मोटर्स के जमशेदपुर प्लांट में कर्मचारियों के वार्षिक बोनस को लेकर सोमवार को निर्णायक वार्ता होने की उम्मीद है। प्रबंधन और वर्कर्स यूनियन के बीच बोनस समझौते को लेकर अंतिम दौर की बातचीत प्रस्तावित है। माना जा रहा है कि बैठक में बोनस के फॉर्मूले पर सहमति बनने के बाद दोपहर या शाम तक समझौते पर हस्ताक्षर किए जा सकते हैं।
बोनस के साथ इस बार अप्रेंटिस बहाली का मुद्दा भी बातचीत के केंद्र में रहने की संभावना है। यूनियन की ओर से कर्मचारियों के आर्थिक हितों के साथ भविष्य में रोजगार के अवसर बढ़ाने से जुड़े मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया जा रहा है। अप्रेंटिस बहाली को लेकर बातचीत आगे बढ़ने से कंपनी कर्मचारियों के साथ-साथ स्थानीय युवाओं की भी निगाहें आज होने वाली वार्ता पर टिकी हैं।

पिछले वर्ष 12.3 प्रतिशत मिला था बोनस

पिछले वित्तीय वर्ष 2024-25 में टाटा मोटर्स के स्थायी कर्मचारियों को 12.3 प्रतिशत बोनस मिला था। इसके तहत कर्मचारियों को अधिकतम 75,223 रुपये और औसतन 50,160 रुपये का भुगतान किया गया था। वहीं करीब 1,200 बाइसिक्स कर्मचारियों को 8.33 प्रतिशत बोनस मिला था। इसके अलावा 225 सेवानिवृत्त कर्मचारियों को 15,085 रुपये की सहायता राशि दी गयी थी।

Share this News...