आदेश की अवहेलना पर होगी कार्रवाई
जमशेदपुर, 25 सितंबर (रिपोर्टर) : भारत मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार जिले में कल, 26 सितंबर को भीषण एवं लगातार भारी बारिश की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने जिले के कक्षा 12 तक के सभी विद्यालयों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है. विद्यार्थियों की सुरक्षा और जनहित को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है. जिला प्रशासन ने आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 34 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए जिले के सभी सरकारी, निजी एवं अल्पसंख्यक विद्यालयों में 26 सितंबर को शैक्षणिक गतिविधियां स्थगित रखने का आदेश जारी किया है.
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जारी आदेश का अनुपालन सुनिश्चित करना सभी संबंधित विद्यालयों एवं संस्थानों की जिम्मेदारी होगी. आदेश की अवहेलना करनेवाले विद्यालय या संस्थान के विरुद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई की जा सकती है.
ऑनलाइन कक्षाएं संचालित करने का निर्देश
प्रशासन ने विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए सभी विद्यालयों को अवकाश के दौरान ऑनलाइन कक्षाओं का संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है. विद्यालय प्रबंधन को आदेश का कड़ाई से पालन करने को कहा गया है. प्रशासन के अनुसार जिले में मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है. परिस्थितियों के आकलन के आधार पर आवश्यकता पडऩे पर आगे के निर्देश जारी किए जा सकते हैं.
