जमशेदपुर में अपराधियों के हौसले बुलंद : कैनरा बैंक में करोड़ों की डकैती के अगले ही दिन गोलमुरी के आरती ज्वैलर्स से लाखों की चोरी, कल गोलमुरी बाजार बंद

जमशेदपुर: शहर में अपराधियों का खौफ इस कदर बढ़ गया है कि पुलिस प्रशासन की गश्त पर सवाल उठने लगे हैं। गोलमुरी मुख्य बाजार स्थित ‘आरती ज्वैलर्स’ में बीती देर रात अज्ञात चोर दुकान के रोशनदान (वेंटीलेटर) को काटकर अंदर घुसे और लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात व नकद लेकर फरार हो गए।
घटना के संबंध में दुकान मालिक प्रणव रॉय ने बताया कि यह वारदात देर रात की है। सुबह जब रोजाना की तरह दुकान खोली गई, तब दुकान के अंदर सारा सामान बिखरा हुआ था और रोशनदान काटा हुआ मिला। चोरों ने बड़ी चालाकी से तिजोरी और काउंटर में रखे सोने-चांदी के गहनों पर हाथ साफ किया।
सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि अपराधियों का सुराग लगाया जा सके।
गौरतलब है कि ठीक एक दिन पहले ही शहर के कैनरा बैंक में अपराधियों ने करोड़ों रुपये की भीषण डकैती को अंजाम दिया था। बैंक डकैती के महज 24 घंटे के भीतर गोलमुरी बाजार के बीचों-बीच हुई इस बड़ी चोरी की घटना से स्थानीय व्यवसायियों में भारी आक्रोश और खौफ का माहौल है।
घटना के विरोध में गोलमुरी बाजार समिति के शंकर अग्रवाल ने अपनी पूरी टीम के साथ प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने पुलिस-प्रशासन की कार्यशैली पर कड़ा ऐतराज जताते हुए कल गोलमुरी बाजार बंद करने का आह्वान किया है। कल बाजार बंद के इस आह्वान के समर्थन में जसबीर सिंह पादरी, सुखदेव सिंह मल्ली, अप्पा राव आदि लोग भी प्रमुख रूप से मौजूद रहे और एकजुटता दिखाई। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से गश्त बढ़ाने और अपराधियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

Share this News...