छोटे गड्ढेनुमा तालाब में डूबने से भाई-बहन की मौत

, परिवार में पसरा मातम
आनंदपुर: आनंदपुर प्रखंड के बागचट्टा गांव में बुधवार शाम एक दर्दनाक हादसे में दो मासूम भाई-बहन की छोटे गड्ढेनुमा तालाब में डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान बागचट्टा निवासी आगस्तीन टुडू के 7 वर्षीय पुत्र गुलशन टुडू और 3 वर्षीया पुत्री एंजेल टुडू के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार दोनों बच्चे रोज की तरह आनंदपुर डीएवी स्कूल से घर लौटने के बाद खेल रहे थे। शाम को काम से घर लौटने पर पिता ने दोनों बच्चों को घर पर नहीं पाया। इसके बाद परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की। तलाश के दौरान घर से कुछ दूरी पर अमरूद के पेड़ के नीचे स्थित एक छोटे गड्ढेनुमा तालाब में दोनों बच्चों को देखा गया। बताया जा रहा है कि संभवतः पहले छोटी बहन एंजेल तालाब में डूबी होगी। उसे बचाने के प्रयास में उसका भाई गुलशन भी पानी में उतर गया होगा, जिससे दोनों की डूबने से मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम पसर गया। गुरुवार को परिजनों ने दोनों मासूम भाई-बहन का अंतिम संस्कार किया। इस दर्दनाक घटना से गांव में शोक का माहौल है।

Share this News...