Chakradharpur: 17 सितम्बर
पश्चिमी सिंहभूम जिला के चक्रधरपुर थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या 7 के ग्वाला पट्टी स्थित एक मकान में गुरुवार दोपहर एक महिला की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई.महिला पर्यवेक्षिका अनीता बिंद सोनुवा प्रखंड कार्यालय में महिला एवं बाल विकास परियोजना केंद्र में पर्यवेक्षिका के पद पर कार्यरत थी.घटना के बाद मकान से निकलकर भाग रहे युवक को स्थानीय लोगों ने पीछा कर पकड़ लिया. बाद में उसे चक्रधरपुर थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया. पुलिस युवक से पूछताछ कर हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है.बताया जाता है कि मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर की रहने वाली अनीता बिंद करीब 15 दिन पहले ही आलू प्याज के होलसेल विक्रेता संजय साव के मकान में किराये पर रहने आयी थीं. गुरुवार दोपहर करीब दो बजे उत्तर प्रदेश निवासी अनिल कुमार उनसे मिलने उनके कमरे पर पहुंचा था. कमरे के अंदर दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया. इसी दौरान मकान की ऊपरी मंजिल से अनीता की चीख-पुकार सुनायी दी.आवाज सुनकर आसपास के लोग जब तक कुछ समझ पाते, अनिल कमरे से निकलकर तेजी से भागने लगा. अनहोनी की आशंका को देखते हुए स्थानीय युवकों ने उसका पीछा किया और कुछ दूरी पर उसे पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गयी. इधर, कमरे के अंदर पहुंचने पर लोगों ने अनीता को खून से लथपथ फर्श पर पड़ा देखा. उनके शरीर पर धारदार हथियार से कई गहरे जख्म के निशान थे.सूचना मिलने पर चक्रधरपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल भेज दिया. पुलिस हिरासत में लिये गये अनिल कुमार ने खुद को मृतका का प्रेमी बताया है. पुलिस हत्या में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी के प्रयास के साथ घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है. दिनदहाड़े हुई हत्या की इस घटना से ग्वाला पट्टी क्षेत्र में दहशत का माहौल है.घटना की सूचना पाकर वार्ड पार्षद संजय पासवान, गिरिराज सेना प्रमुख उमाशंकर गिरी व बड़ी संख्या में स्थानीय लोग पहुंचे थे.
