जमशेदपुर : घाटशिला स्टेशन पर शुक्रवार से गीतांजलि सुपरफास्ट एक्सप्रेस और आजाद हिंद एक्सप्रेस का नियमित ठहराव शुरू हो गया. रेलवे बोर्ड की मंजूरी के बाद शुरू हुई इस सुविधा से क्षेत्र के यात्रियों को मुंबई और पुणे की सीधी रेल यात्रा में सहूलियत मिलेगी. इस अवसर पर आयोजित समारोह में जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो, घाटशिला के विधायक सोमेश चंद्र सोरेन और हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक उमेश सिंह ने गाड़ी संख्या 12860 हावड़ा-छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस गीतांजलि सुपरफास्ट एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.
सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि दोनों ट्रेनों का ठहराव घाटशिला के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है. इससे मुंबई, पुणे और अन्य प्रमुख शहरों तक आवागमन आसान होगा. स्थानीय लोगों ने भी रेलवे की इस पहल का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के व्यापार, उद्योग, शिक्षा और रोजगार के लिए लाभकारी बताया. इस मौके पर खड़गपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक ललित मोहन पांडेय, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक निशांत कुमार, रेलवे के अन्य वरिष्ठ अधिकारी, क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता सलाहकार समिति एवं मंडल रेल उपयोगकर्ता सलाहकार समिति के सदस्य, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में रेल यात्री मौजूद रहे.
