पश्चिमी सिंहभूम टी-20 लीग के ट्रॉफी का हुआ अनावरण, सौरभ तिवारी व शाहबाज नदीम रहे मौजूद

चाईबासा कार्यालय, 27 अगस्त।
चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम में आगामी 22 सितंबर से पश्चिमी सिंहभूम टी-20 क्रिकेट लीग का आयोजन किया जाएगा। इस बहुप्रतीक्षित प्रतियोगिता को लेकर गुरुवार को होटल सैफरन सूट के हॉल में लीग के विजेता ट्रॉफी का अनावरण किया गया।
ट्रॉफी का अनावरण पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त मनीष कुमार, पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर सह झारखंड राज्य क्रिकेट संघ के सचिव सौरभ तिवारी और पूर्व भारतीय टेस्ट क्रिकेटर सह जेएससीए के संयुक्त सचिव शाहबाज नदीम समेत अन्य पदाधिकारियों की मौजूदगी में किया गया। 22 सितंबर से शुरू होने वाली इस टी-20 लीग में कुल छह फ्रेंचाइजीस की टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें चाईबासा चैलेंजर्स, कोल्हान किंग, सारंडा वॉरियर्स, जगन्नाथपुर टाइगर, चक्रधरपुर रॉयल्स और मनोहरपुर लाइंस शामिल हैं। सभी टीमें ओपन लीग मुकाबलों में एक-दूसरे से भिड़ेंगी। लीग मैच की समाप्ति के बाद अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर रहनेवाली चार टीमें सेमीफाईनल का हिस्सा बनेंगी। पहले सेमी फाईनल में पहले स्थान पर रहने वाली टीम का मुकाबला चौथे नंबर पर रहनेवाली टीम से तथा दूसरे सेमीफाईनल मैच में दूसरे स्थान पर रहनेवाली टीम तीसरे नंबर पर रहनेवाली टीम से भिड़ेंगी। इस प्रतियोगिता का फाईनल मैच गाँधी जयंती के अवसर पर दो अक्तूबर को खेला जाएगा। चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम मैदान पर खेले जाने वाले इस प्रतियोगिता के सभी मैचों का सीधा प्रसारण फैनकोड पर किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में झारखंड के कई नामी गिरामी खिलाड़ी मैदान पर अपना जौहर दिखाएंगे। इसमें कोलकाता नाइट राइडर्स से खेलने वाले अनुकूल राय, राजस्थान रॉयल्स का प्रतिनिधित्व करने वाले सुशांत मिश्रा, गुजरात टाइटंस के धाकड़ बल्लेबाज कुमार कुशाग्र, मुंबई इंडियनस के विकेटकीपर बल्लेबाज रोबिन मिंज, झारखण्ड रणजी टीम के कप्तान तथा हाल ही में सम्पन्न हुए झारखण्ड टी 20 लीग में धमाल मचाने वाले बल्लेबाज विराट सिंह तथा उत्कर्ष सिंह शामिल हैं। ट्रॉफी अनावरण समारोह में झारखण्ड राज्य क्रिकेट संघ के उपाध्यक्ष संजय पांडेय, कोषाध्यक्ष अमिताभ घोष, झारखण्ड राज्य क्रिकेट संघ के पूर्व सचिव राजेश वर्मा, पूर्व कोषाध्यक्ष राजीव बधान, बोकारो जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष पी एन सिंह, धनबाद क्रिकेट संघ के अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह, कंट्री क्रिकेट क्लब के अध्यक्ष सुनील साहु, कोषाध्यक्ष विनय बिहारी कर्ण, चाईबासा नगर परिषद के उपाध्यक्ष विकास शर्मा, पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के महासचिव असीम कुमार सिंह, चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष संजय चौबे समेत कई गणमान्य नागरिक, और विभिन्न फ्रेंचाइजीस टीमों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। प्रतियोगिता को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह देखा जा रहा है।

Share this News...