JPSC-JSSC रिफॉर्म मंच की घोषणा: 20 अगस्त को सीएम आवास का घेराव, आज होगा पुतला दहन, माँगा CM का इस्तीफा, राहुल गांघी पर भी बरसे

 

रांचीः जेपीएससी और जेएसएससी की नियुक्ति परीक्षाओं में हुई तथाकथित धांधली की सीबीआई से जांच समेत कई मांगों को लेकर पिछले 22 दिन से आंदोलन कर रहे छात्रों ने स्वतंत्रता दिवस की देर शाम अपने आंदोलन को और आक्रामक बनाने की घोषणा की है.

JPSC-JSSC रिफॉर्म मंच ने 20 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास के घेराव का आह्वान किया है. मंच ने ऐलान किया है कि जब तक उनकी मांगे पूरी नहीं होगी, तब तक सीएम आवास के सामने से नहीं हटेंगे. मंच ने रविवार 16 अगस्त को अल्बर्ट एक्का चौक पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और राहुल गांधी के पुतला दहन की घोषणा की है. साथ ही सभी जिला मुख्यालय में भी पुतला दहन होगा.

JPSC-JSSC रिफॉर्म मंच की मांग

JPSC-JSSC रिफॉर्म मंच की कोर कमेटी सदस्य पीयूष कुमार और रविंद्र पासवान ने रात 9:00 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि सरकार को जेएसएससी-सीजीएल के अलावा 11वीं से 13वीं जीपीएससी परीक्षा को रद्द करना ही होगा. परीक्षा में हुई अनियमितता की जांच सीबीआई से करानी होगी. मुख्यमंत्री अगर ऐसा नहीं कर पा रहे हैं तो इस्तीफा दे दें.

मंच ने राहुल गांधी पर भी निशाना साधा और कहा कि उन्होंने छात्रों से आंदोलन के दौरान बात जरुर की थी. अब इससे काम नहीं चलेगा. झामुमो और कांग्रेस मिलकर छात्रों के साथ खेल खेल रही है. कांग्रेस को अगर छात्रों की चिंता है तो वह सरकार से समर्थन वापस ले.
भगत सिंह बनने का आ गया समय’

मंच की ओर से कहा गया कि उनका आंदोलन शांतिपूर्ण और संवैधानिक तरीके से पिछले 22 दिनों से चल रहा है. अब यह सरकार संयम वाली भाषा समझने को तैयार नहीं है. छात्रों ने कहा कि उन्होंने महात्मा गांधी के अहिंसा को पढ़ा है तो सुभाष चंद्र बोस और भगत सिंह को भी पढ़ा है. अब भगत सिंह बनने का समय आ गया है क्योंकि सरकार संवैधानिक तरीके से बात नहीं सुन रही है.

इस प्रेस कांफ्रेंस के दौरान नौकरी चोर, गद्दी छोड़ का भी नारा लगा. मंच ने कहा कि नौकरी बेचने वालों की अकाउंटेबिलिटी किसकी है. कोर कमेटी सदस्य पीयूष कुमार ने कहा कि एक समय देश में अंग्रेज बहादुर का राज था और अब सरकार बहादुर का राज है. उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों से फीडबैक लेने की बात कर रही है. ऐसे में क्या आंदोलन कर रहे छात्र कीड़े मकोड़े हैं.

Share this News...