जमशेदपुर। साकची बाजार की अलग-अलग के क्षेत्र में में पिछले करीब 2 महीने से दुकानों की छतों पर लगे एसी के आउटर यूनिट से कॉपर पाइप और कॉपर तार काटकर चोरी किए जाने की घटनाओं से दुकानदार परेशान हैं। लगातार हो रही चोरी से स्थानीय दुकानदारों को प्रतिदिन हजारों रुपये का नुकसान उठाना पड़ रहा है। दुकानदारों का कहना है कि मामले की सूचना कई बार स्थानीय थाना को दी गई, लेकिन चोरी की घटनाओं पर पूरी तरह अंकुश नहीं लग सका।
चोरी की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए साकची बाजार की डालडा लाइन के कुछ दुकानदारों ने अपनी सुरक्षा के लिए छत पर सीसीटीवी कैमरे लगवाए। मंगलवार, 11 अगस्त को दुकान खोलने के दौरान सीसीटीवी फुटेज में एक युवक को छत पर एसी की कॉपर पाइप व तार काटते हुए देखा गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय दुकानदारों ने तत्परता दिखाते हुए उसका पीछा किया और उसे पकड़ लिया। पकड़ा गया युवक अपना नाम रमजान कपाली ओल्ड पुरुलिया रोड निवासी बता रहा ।
दुकानदारों के अनुसार, चोरों का मनोबल इतना बढ़ गया है कि अब वे दिन के उजाले में भी बाजार की छतों पर चोरी की वारदात को अंजाम देने से नहीं हिचक रहे हैं। इससे बाजार के व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
स्थानीय दुकानदारों ने आरोप लगाया कि बाजार क्षेत्र में कुछ लोग कचरा चुनने की आड़ में दिनभर घूमते रहते हैं और इनमें कुछ संदिग्ध गतिविधियों में भी लिप्त रहते हैं। दुकानदारों का कहना है कि ऐसे लोगों की गतिविधियों पर पुलिस प्रशासन को गंभीरता से नजर रखने की जरूरत है।
व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से बाजार क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने, संदिग्ध लोगों की जांच करने और एसी की कॉपर पाइप व तार चोरी करने वाले गिरोह का पता लगाकर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। दुकानदारों का कहना है कि लगातार हो रही चोरी से न केवल आर्थिक नुकसान हो रहा है, बल्कि बाजार की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
