जमशेदपुर, 21 जुलाई। भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) झारखंड द्वारा 22 जुलाई को सुबह 10 बजे होटल विवांता, जमशेदपुर में “GSTAT in Practice: Appeals, Procedures & Digital Filing” विषय पर एक विशेष जागरूकता एवं प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य उद्योग जगत, कर सलाहकारों और करदाताओं को वस्तु एवं सेवा कर अपीलीय न्यायाधिकरण (GSTAT) में अपील दायर करने की प्रक्रिया, आवश्यक औपचारिकताओं तथा डिजिटल पोर्टल के प्रभावी उपयोग की विस्तृत जानकारी प्रदान करना है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जीएसटी अपीलीय न्यायाधिकरण (जीएसटीएटी) रांची पीठ के उपाध्यक्ष न्यायमूर्ति तुषार कांति सतपथी होंगे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में जीएसटीएटी रांची पीठ के तकनीकी सदस्य बिजॉय बिहारी महापात्र उपस्थित रहेंगे।
इस अवसर पर सीआईआई झारखंड राज्य परिषद के अध्यक्ष एवं वैदेही मोटर्स प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक दिलू पारिख, सीआईआई झारखंड आर्थिक मामलों, वित्त एवं कराधान पैनल के संयोजक तथा टाटा स्टील लिमिटेड के चीफ लीगल काउंसिल (इनडायरेक्ट टैक्सेशन) विकाश मित्तल, सह-संयोजक एवं भूमातेय होम्स प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक अरुण अभिषेक गौर, खैतान एंड कंपनी के पार्टनर सुदीप्त भट्टाचार्य तथा राहुल धनुका सहित उद्योग एवं कर क्षेत्र के कई विशेषज्ञ मौजूद रहेंगे।
सत्र के दौरान जीएसटीएटी में अपील दाखिल करने की प्रक्रिया एवं आवश्यक दस्तावेज, अनुपालन संबंधी व्यावहारिक पहलू, जीएसटीएटी के डिजिटल पोर्टल के उपयोग और करदाताओं के समक्ष आने वाली सामान्य चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा होगी। इसके अलावा जीएसटी से जुड़े मुकदमों के प्रभावी प्रबंधन और सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों (Best Practices) पर भी विशेषज्ञ अपने अनुभव साझा करेंगे।
सीआईआई का यह सत्र उद्योग जगत, चार्टर्ड अकाउंटेंट, कर सलाहकारों एवं जीएसटी से जुड़े पेशेवरों के लिए अत्यंत उपयोगी माना जा रहा है, जिससे उन्हें जीएसटी अपीलीय प्रक्रिया को बेहतर ढंग से समझने और डिजिटल माध्यम से अपील दाखिल करने में व्यावहारिक मार्गदर्शन प्राप्त होगा।
