SSP प्रभात कुमार की दो टूक-अपराध करने पर नहीं बख्शे जाएंगे क्रिमिनल्स

धनबाद:झारखंड के धनबाद जिले में पैर पसारते अपराध पर लगाम लगाने और अपराधियों के मन में कानून का खौफ पैदा करने के लिए धनबाद पुलिस ने गुरुवार को एक अभूतपूर्व कदम उठाया। झारखंड के इतिहास में पहली बार किसी जिले में चिह्नित 782 दागी अपराधियों को पुलिस लाइन बुलाकर उनकी सामूहिक परेड कराई गई। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने अपराधियों की आंखों में आंखें डालकर साफ शब्दों में चेतावनी दी कहा अपराध छोड़ो, नहीं तो जेल ही अगला ठिकाना होगा . इनमें हत्या, रंगदारी, डकैती और अन्य गंभीर मामलों में नामजद के अपराधी शामिल थे, जो फिलहाल जमानत पर बाहर हैं. पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज इन सभी अपराधियों की उपस्थिति सुनिश्चित करके, उन्हें कानून का पालन करने की सख्त हिदायत दी गई है. साथ ही उन्हें अपराध ना करने की शपथ भी दिलाई गई.
अपराधियों को दिलाई गई अपराध ना करने की शपथ
परेड के बाद वरीय एसपी प्रभात कुमार ने सभी अपराधियों को संबोधित करते हुए उन्हें अपराध का रास्ता छोड़कर समाज की मुख्यधारा से जुड़ने की सलाह दी. उन्होंने साफ किया कि यदि भविष्य में किसी भी शख्स की संलिप्तता किसी आपराधिक गतिविधि में पाई गई तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
जारी रहेगी मॉनिटरिंग
एसएसपी आगे ने बताया कि धनबाद में इस तरह का आयोजन पहली बार किया गया है. जो अपराधी परेड में शामिल नहीं हुए हैं, उनकी अलग से थाना और डीएसपी स्तर पर निगरानी की जा रही है. उन्होंने कहा कि जिले में दागी अपराधियों का नियमित सत्यापन और सतत मॉनिटरिंग जारी रहेगी.
अपराध नियंत्रण की कोशिश में धनबाद पुलिस
एसएसपी के मुताबिक, धनबाद पुलिस अब केवल अपराध होने के बाद कार्रवाई करने तक सीमित नहीं रहना चाहती है, बल्कि अपराध होने से पहले ही उसे रोकने की रणनीति पर काम कर रही है. इसी उद्देश्य से दागी अपराधियों को चेतावनी देने के साथ उन्हें सुधार का अवसर भी उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि जिले में कानून व्यवस्था और ज्यादा मजबूत हो सके.
