मृतक के परिजनों को मिले सरकारी नौकरी, अपराध पर लगे रोक, वरना 3 को जमशेदपुर बंद

मृतक हिमांशु के परिजनों से मिलने आदित्यपुर आवास पहुंचे पूर्व सीएम रघुवर दास, प्रशासन को दिया अल्टीमेटम

जमशेदपुर : बिस्टुपुर के डबल डाउन बार कांड में जान गंवाने वाले स्व. हिमांशु सिंह के आदित्यपुर स्थित शांतिनगर आवास पर आज राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास पहुंचे और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की. उन्होंने परिवार को ढांढस बंधाते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और कहा कि किसी अपने को खोने का दर्द शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता. उन्होंने बाबा बैद्यनाथ से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें. इस दौरान श्री दास ने राज्य सरकार से हिमांशु सिंह के एक परिजन को सरकारी नौकरी देने की मांग की. कहा कि यदि पुलिस समय पर प्रभावी कार्रवाई करती तो हिमांशु की जान बचाई जा सकती थी. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पूरी तरह विफल रही है.
राघुवर ने कहा कि किसी भी राज्य की पहली जिम्मेदारी अपने नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना होती है, लेकिन झारखंड में अपराधियों, बालू और पत्थर माफियाओं का मनोबल बढ़ा हुआ है. उन्होंने दावा किया कि पिछले दो महीनों में जमशेदपुर में चापड़बाजी की 32 घटनाएं हुई हैं, जिनमें छह लोगों की हत्या हो चुकी है. वहीं महिलाओं के साथ चेन छिनतई की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे वे खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं और घरों से निकलने में भी डर रही हैं. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शहर में नशे का कारोबार खुलेआम चल रहा है और ड्रग्स माफिया पुलिस संरक्षण में अपना धंधा कर रहे हैं. उन्होंने सरकार से अपराध और नशे के कारोबार पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो भाजपा जमशेदपुर महानगर 3 जुलाई को जमशेदपुर बंद का आह्वान करेगा. परिजनों से मुलाकात के दौरान उन्होंने गृह सचिव वंदना डाडेल, एडीजी मनोज कौशिक तथा सरायकेला-खरसावां और पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्तों से टेलीफोन पर बात कर मामले में दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया. उन्होंने कहा कि दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जानी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.

Share this News...