मनोहरपुर..दंतैल हाथी के हमले में ग्रामीण की मौत

 

मनोहरपुर संवाददाता: मनोहरपुर प्रखंड के पात्थरबासा गांव के कोकलोटाला निवासी 48 वर्षीय दिलेश्वर जातराम की दंतैल हाथी के हमले में मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार रात करीब 2 बजे दिलेश्वर जातराम अपने घर से बाहर लघुशंका के लिए निकले थे। अंधेरा होने के कारण उन्हें कुछ दिखाई नहीं दिया। उसी दौरान एक दंतैल हाथी उनके घर के समीप खड़ा था। हाथी ने अचानक उन पर हमला कर दिया और सूंड से पकड़कर पटक-पटक कर गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय हाथी के भय से परिजन घर से बाहर नहीं निकल सके। मृतक की पत्नी बाली जातराम सुबह करीब 3 बजे घर से बाहर निकलीं, तब उन्होंने देखा कि हाथी उनके पति को मार चुका है।
घटना की सूचना ग्रामीणों ने वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और दिलेश्वर जातराम को मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इसके बाद मनोहरपुर पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर भेज दिया। वनपाल अभय कुमार ने बताया कि झारखंड सरकार की नई नीति के तहत मृतक के परिजनों को तत्काल एक लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी। इसके बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने पर नौ लाख रुपये की अतिरिक्त अनुग्रह राशि दी जाएगी। उन्होंने बताया कि उक्त दंतैल हाथी पिछले कुछ दिनों से पात्थरबासा के जंगलों में घूम रहा है और रात के समय धान-चावल की तलाश में गांवों और टोलों की ओर आ जाता है। वन विभाग ने ग्रामीणों से रात में घर से बाहर निकलते समय टॉर्च या अन्य प्रकाश व्यवस्था का उपयोग करने तथा सतर्क रहने की अपील की है।

Share this News...