नई दिल्ली:
: गुरुवार को दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता नीति आयोग की 11वीं गवर्निंग काउंसिल बैठक हुई. जिसमें देश के सभी राज्यों और शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, उपराज्यपाल, केंद्रीय मंत्री और नीति आयोग के अधिकारी शामिल हुए. इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने केंद्र और राज्यों के बीच मिलकर काम करने पर जोर दिया है. पीएम ने कहा कि जब हम ‘विकसित भारत’ के अपने सपने की तरफ बढ़ रहे हैं तो फिर केंद्र और राज्यों की जिम्मेदारी और ज्यादा बढ़ जाती है. तमिलनाडु, कर्नाटक और पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री पहली बार इस बैठक में शामिल हुए.
केंद्र और राज्य के बीच हो सहयोग: पीएम मोदी
नीति आयोग की बैठक में पीएम मोदी ने कहा कि आज दुनिया अनिश्चितता और अस्थिरता के दौर से गुजर रही है. लेकिन भारत आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प के साथ विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है. विकसित भारत के विजन को हासिल करने के लिए अब हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारियां भी बढ़ जाती हैं. उन्होंने केंद्र और राज्यों के बीच आपसी सहयोग, बातचीत और संवाद के आदान-प्रदान की बात कही है. जिसमें नीति आयोग सहयोग के लिए एक मंच के तौर पर अपनी बड़ी भूमिका निभा सकता है. जिसमें राज्यों और केंद्रों के बीच संवाद होना चाहिए. ताकि हम मिलकर एक ही विजन पर काम कर सके.
‘सशक्त युवा ही भारत को आगे बढ़ाएगा’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत का डेमोग्राफिक डिविडेंड हमारे लिए एक ऐतिहासिक मौका है. जिसे हम गंवा नहीं सकते हैं. आज अच्छी शिक्षा, स्किलिंग और रोजगार के मौकों के जरिए युवाओं को सही इकोसिस्टम बनाना ही हमारी प्राथमिकता होना चाहिए. क्योंकि सशक्त युवा ही विकसित भारत की हमारी यात्रा को आगे बढ़ाने वाली ताकत में अहम होंगे. पीएम ने बैठक में बताया कि भारत सरकार ने विकास और निर्यात के मौके बढ़ाने के लिए दुनियाभर के कई देशों के साथ फ्री ट्रेड एग्रीमेंट किए हैं. ये समझौते हमारे एमएसएमई के लिए भी एक बड़ा मौका है. जिससे वे अंतरराष्ट्रीय मानकों को अपनाकर और अपनी प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ाकर ग्लोबल मार्केट के लिए भी तैयार हो सकते हैं.
‘देश में महिलाओं का अहम योगदान’
देश में महिलाओं के योगदान की भी प्रधानमंत्री मोदी ने तारीफ की है. महिलाओं के नेतृत्व में विकसित भारत के विजन की नींव है. जहां महिलाएं खेती और स्टार्टअप से लेकर विज्ञान और इनोवेशन तक हर क्षेत्र में योगदान दे रही हैं. पीएम ने कहा कि राज्यों को भी महिलाओं की पूरी क्षमता का इस्तेमाल करते हुए भारत की विकास यात्रा को आगे बढ़ाने के लिए शिक्षा, स्किलिंग सुरक्षा और सशक्तिकरण को प्राथमिकता देनी चाहिए.
बैठक का फोकस विकसित भारत-2047
पीएम मोदी की अध्यक्षता में हुई नीति आयोग की 11वीं गवर्निंग काउंसिल बैठक का फोकस ‘विकसित भारत-2047’ था. कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार, पश्चिम बंगाल के सीएम शुभेंदु अधिकारी और तमिलनाडु के सीएम जोसेफ विजय पहली बार इस बैठक में शामिल हुए थे.
