राज्यसभा चुनाव: JMM के बैद्यनाथ राम कांग्रेस के प्रणव झा और निर्दलीय प्रत्याशी  परिमल नाथवानी ने भरा नामांकन पर्चा

 

 

रांची: झारखंड में दो सीटों के लिए राज्यसभा चुनाव के लिए आज तीन उम्मीदवारों ने अपना नॉमिनेशन फाइल किया. इंडिया गठबंधन की तरफ से बैद्यनाथ राम और प्रणव झा ने अपना नॉमिनेशन दाखिल किया. वहीं निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर परिमल नाथवानी ने भी अपना नामांकन भरा. एनडीए ने परिमल नाथवानी को अपना समर्थन दिया है.

इन तीन नॉमिनेशन ने झारखंड राज्यसभा चुनाव को दिलचस्प बना दिया है, जिससे 18 जून को वोटिंग की संभावना बढ़ गई है. जमा किए गए नामांकन पत्र की स्क्रूटनी और नाम वापसी के बाद मतदान सुनिश्चित होगी.

नामांकन के आखिरी दिन, इंडिया अलायंस की तरफ से झामुमो के बैद्यनाथ राम ने और प्रणव झा ने कांग्रेस की तरफ से अपना नामांकन दाखिल किया. राज्यसभा चुनाव के रिटर्निंग ऑफिसर की मौजूदगी में, उम्मीदवारों ने एक के बाद एक अपना नामांकन दाखिल किया.

झामुमो के बैद्यनाथ राम ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, कांग्रेस, माले और राजद के नेताओं की मौजूदगी में सबसे पहले अपना नॉमिनेशन फाइल किया. नामांकन दाखिल करने के बाद मीडिया से बात करते हुए बैद्यनाथ राम ने दोनों सीटों पर इंडिया गठबंधन की जीत का दावा किया. उन्होंने कहा कि उन्होंने दो सेट में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया, जिसमें 10-10 विधायक प्रस्तावक बने.

कांग्रेस के प्रणव झा ने भरा नामांकन

राज्यसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन की तरफ से कांग्रेस की ओर से दूसरा प्रत्याशी दिया गया है. कांग्रेस नेता प्रणव झा ने आज मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मौजूदगी में अपना नामांकन दाखिल किया. प्रणव झा द्वारा दो सेटों में 19 प्रस्तावकों के साथ नामांकन दाखिल किया गया. नामांकन कक्ष में प्रणव झा के साथ मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम भूपेश बघेल के अलावे माले और राजद के नेता मौजूद थे.

इस मौके पर प्रणव झा ने जीत का दावा करते हुए कहा कि न सिर्फ उन्हें बल्कि गठबंधन के मुखिया मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और सभी सहयोगी पार्टियों के 56 विधायक भी आश्वस्त हैं. उन्होंने इस चुनाव में हॉर्स-ट्रेडिंग की आशंका जताई और भाजपा की कड़ी आलोचना की.

उन्होंने कहा कि भाजपा ने भगवान बिरसा की इस धरती पर आदिवासियों की अस्मिता को धन से चुनौती देने की कोशिश की है. उन्होंने कहा, “मुझे पूरा भरोसा है कि यहां के लोग भाजपा के बड़े नेताओं को आईना दिखाएंगे कि वे धन बल के आगे बिकने वाले नहीं हैं.”

नॉमिनेशन के दौरान कांग्रेस प्रदेश प्रभारी के. राजू, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव के साथ-साथ पार्टी के कई दूसरे नेता, विधायक और मंत्री मौजूद रहे.

दो सेटों में नामांकन दाखिल करते हुए परिमल नथवाणी ने कहा कि उन्हें हर दल का समर्थन प्राप्त है और वह जरूर चुनाव जीतेंगे.

उन्होंने कहा कि अपने पूर्व के दो टर्म में वह राज्य का विकास कर चुके हैं, जो सबके सामने है. इस बार भी यदि मौका मिलेगा तो वह और भी अधिक विकास करेंगे. उन्होंने कहा कि मैं कभी भी बाहरी नहीं था, क्योंकि झारखंड मैंने अपनी कर्मभूमि बना रखी है. उन्होंने कहा कि मैं सबके साथ मिलकर काम करने वाला हूं. इससे पहले मैंने मुख्यमंत्री से भी मुलाकात की है. मुझे सभी का समर्थन मिलेगा.

भाजपा ने दिया परिमल नथवाणी को समर्थन

परिमल नथवाणी ने वैसे तो निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन पर्चा भरा है. मगर, उनके समर्थन में एनडीए के विधायक खुलकर सामने आ गए हैं. नामांकन के दौरान मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल, विधायक सीपी सिंह, रिटर्निग ऑफिसर के कक्ष में मौजूद दिखे.

नॉमिनेशन के बाद नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के कक्ष में एनडीए विधायकों के साथ परिमल नथवाणी ने बैठक की और उनसे सहयोग मांगा. इस बैठक में जदयू विधायक सरयू राय, लोजपा रामविलास विधायक जनार्दन पासवान, आजसू विधायक तिवारी महतो के अलावा भाजपा के कई विधायक मौजूद रहे.

Share this News...