पोटका : देश के आजादी के 78 साल और झारखंड राज्य गठन के 26 वर्षों के बाद पोटका प्रखंड के सबसे सुदूरवर्ती नारदा पंचायत के मिठाईझरना समेत आसपास के ग्रामीणों के समस्याओं से रूबरू होने मंगलवार को पोटका के विधायक संजीव सरदार पूरे प्रशासन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ तीन ट्रेक्टर पर सवार हो 14 किलोमीटर का सफर तय कर मिठाईझरना गाँव पहुंच ग्रामीणों के साथ बैठक कर बारीकी से उनकी एवं वहां उपस्थित पांच विभाग के पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा निर्देश देते हुए समस्याओं के निवारण हेतु जल्द से जल्द कार्य शुरू करने का निर्देश दिया.पोटका प्रखंड मुख्यालय से लगभग 30 किलोमीटर दूरी पर स्थित नारदा पंचायत का मिठाई झरना,चुकागोडा,बाँसबनी एवं जामकुटा गाँव जो कि मुख्य सड़क से लगभग 14 किलोमीटर ऊपर पहाड़ पर अवस्थित है यहां पहाड़ो के बीच लगभग 60 से 70 आदिम जनजाति सबर एवं आदिवासी समाज के परिवार रहते है जिनकी आबादी लगभग 11 सौ है आजादी के बाद से ये सभी मूलभूत सुविधाओं से वंचित है .
** विधायक के पहुंचने के बाद ग्रामीणों में पहुंची विकास की आस,
ग्रामीणों की समस्याओं को दूर करने के उद्देश्य से पोटका के विधायक संजीव सरदार मंगलवार को प्रखंड, अंचल, विद्युत विभाग, वन विभाग, पेयजल आपूर्ति एवं टाटा स्टील के अधिकारियों के साथ मिठाईझरना गाँव पहुंचे ग्रामीणों के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं को सुना एवं संबंधित विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश देते हुए जल्द समस्याओं के समाधान हेतु ब्लूप्रिंट तैयार करने का निर्देश दिया.
** जल्द गाँव मे पहुंचेगी बिजली,मुख्यमंत्री उज्ज्वला योजना का हुआ शिलान्यास,
पोटका के विधायक संजीव सरदार ने मंगलवार को गाँवो का दौरा करने के उपरांत मुख्यमंत्री उज्जवला योजना के तहत चार गाँवो में विद्युतीकरण के योजना का शिलान्यास किया .इस योजना के शिलान्यास के साथ ही गाँव मे पहली बार बिजली आने का द्वार खुल गया है .वर्तमान में गाँवो में कुछ घरों में टाटा स्टील द्वारा सोलर पैनल लगाया गया है जिससे ग्रामीणों के घरों में लाइट एवं पंखे चलते है .मौके पर विद्युत विभाग जादूगोड़ा के एसडीओ मो सैफुदिन ने बताया कि जल्द ही गाँवो में विद्युतीकरण के कार्य को पूर्ण करा दिया जाएगा .
** सुदूर गाँवो के ग्रामीणों की मूलभूत समस्याओं को दूर करना लक्ष्य : संजीव सरदार
मौके पर पोटका के विधायक संजीव सरदार ने कहा कि पोटका एवं डुमरिया प्रखंड की सीमा पर स्थित इस पहाड़ो में पूर्व में माओवादियों का अड्डा था यहां के गाँवो में अबतक आजादी के बाद से मूलभूत सुविधाओं का अभाव है आज गाँव के दौरा के उपरांत ग्रामीणों की समस्याओं को सुना गया है और संबंधित अधिकारियों को समस्याओं को दूर करने हेतु दिशा निर्देश दिया गया है. उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ देकर इनके जीवन यापन को सुधार समाज के मुख्यधारा से जोड़ा जाएगा.उन्होंने कहा कि गाँवो में विद्युतीकरण, आवास की सुविधा, पेयजल आपूर्ति ,पेंशन योजना आदि की सुविधा ग्रामीणों को जल्द मिलेगी .उन्होंने कहा कि अबुआ सरकार का मुख्य लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास को पहुंचाना है.
** पांच विभागों के अधिकारी रहे उपस्थित,
विधायक के साथ इस दौरे में में विद्युत विभाग के एसडीओ मो सैफुदिन, अंचल कार्यालय से सीआई हेमंत कुमार, राजस्व कर्मचारी प्रमोद कुमार, टाटा स्टील के शिवशंकर कण्डेयांग, रितेश टुडू,पंचायत सचिव ललन ठाकुर,वन विभाग के स्वराज बांसुरी,कोवाली थानां प्रभारी मुकेश कुमार साव समेत पेयजल विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे.
