जमशेदपुर प्रधान डाकघर में 12 घंटे आधार सेवा शुरू, सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक मिलेगा फायदा

जमशेदपुर : शहरवासियों को आधार कार्ड से संबंधित कार्यों में होने वाली परेशानी को देखते हुए डाक विभाग ने विशेष पहल करते हुए जमशेदपुर प्रधान डाकघर में आधार सेवा का समय बढ़ा दिया है। अब यहां प्रतिदिन सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक लगातार 12 घंटे आधार अद्यतीकरण एवं नए आधार बनाने की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
डाक विभाग की ओर से शुरू किए गए इस विशेष अभियान का उद्देश्य आम लोगों को सुविधाजनक समय पर आधार से जुड़े कार्य कराने का अवसर देना है, ताकि नौकरीपेशा लोग, छात्र एवं अन्य व्यस्त नागरिक बिना किसी परेशानी के अपना कार्य करा सकें।
जमशेदपुर प्रधान डाकघर के वरीय डाकपाल सुधीर कुमार ने कहा कि इस अभियान के तहत नागरिक आधार कार्ड से संबंधित कई महत्वपूर्ण सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं। इसमें बायोमेट्रिक अपडेट के अंतर्गत फिंगरप्रिंट, आईरिस स्कैन एवं फोटो बदलने की सुविधा दी जा रही है। वहीं डेमोग्राफिक अपडेट के तहत नाम, जन्म तिथि, लिंग, पता, मोबाइल नंबर एवं ईमेल आईडी में सुधार कराया जा सकेगा। इसके अलावा बच्चों एवं अब तक आधार नहीं बनवा पाए लोगों के लिए नया आधार कार्ड बनाने की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। उन्होंने शहरवासियों से अपील की है कि वे इस विशेष व्यवस्था का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। विस्तारित समय सीमा के कारण अब लोगों को लंबी कतारों और समय की कमी जैसी समस्याओं से राहत मिलने की उम्मीद है।

Share this News...