राहुल गांधी ने पीएम, गृहमंत्री को कह दिया गद्दार, बिगड़े बोल पर बीजेपी का जवाब-अर्बन नक्सली हैं कांग्रेस नेता


रायबरेली:

लोकसभा में नेता विपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने विवादित बयान दिया है. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह को ‘गद्दार’ कहा है. उन्होंने RSS पर भी निशाना साधा है. राहुल गांधी ने तगा कि देश में आर्थिक तूफान आने वाला है. सरकार आपको नहीं बचा पाएगा. बीजेपी ने भी राहुल के बयान पर पलटवार किया है. बीजेपी ने उन्हें ‘अर्बन नक्सली’ बताया. अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली में पहुंचे राहुल गांधी ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने हिंदुस्तान के आर्थिक सिस्टम को बेच दिया है. अब आर्थिक तूफान आ रहा है और नरेंद्र मोदी और हिंदुस्तान की सरकार आपको नहीं बचा पाएगी. वे आपसे कहेंगे, रोएंगे और कहेंगे कि मेरी गलती नहीं है. मैं आपको बता रहा हूं, गलती सिर्फ नरेंद्र मोदी, अमित शाह और RSS की है क्योंकि इन्होंने संविधान खत्म किया है.

उन्होंने कहा कि देश जल्द आर्थिक संकट की ओर बढ़ सकता है और इसका सबसे अधिक असर आम जनता पर पड़ेगा. सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और अमेरिका-ईरान टकराव के कारण वैश्विक व्यापार प्रभावित हुआ है. उन्होंने दावा किया कि होर्मुज स्ट्रेट प्रभावित होने से तेल और अन्य जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति बाधित होगी, जिससे आने वाले समय में महंगाई बढ़ सकती है. उन्होंने कहा कि पेट्रोल, गैस और रोजमर्रा की वस्तुएं महंगी होने वाली हैं. उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार आम लोगों की समस्याओं से दूर है.

बीजेपी ने किया पलटवार

राहुल गांधी के बयान पर बीजेपी ने भी पलटवार किया है.

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बयान पर कहा कि राहुल गांधी का आज का बयान बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है और कहीं न कहीं उनकी अराजकतावादी मानसिकता को दिखाता है. मैं मानता हूं कि भारतीय राजनीति में जहां सुचिता, सामाजिकता और एक-दूसरे को सम्मान देने की प्रक्रिया है, उसमें उनका यह बयान बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है. मैं मानता हूं कि लगातार हो रही हार, निराशा कहीं न कहीं उनके स्वभाव और चरित्र में दिख रही है.

उन्होंने कहा कि आज हम भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम करते हैं. प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आतंकवाद पर पूर्ण रूप से लगाम लगाने का काम किया गया है. क्या नक्सलवाद को खत्म करना गद्दारी है?, क्या देश की जमीन को सुरक्षित रखना गद्दारी है?, क्या तिरंगे का सम्मान पूरे विश्व में बढ़ाना गद्दारी है?.”

बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा है कि राहुल गांधी ने 140 करोड़ देशवासियों को गद्दार कहा है. राहुल का बयान पाकिस्तान जैसी है. राहुल गांधी का रिमोट कंट्रोल देश विरोधी तत्वों के हाथों में है. कांग्रेस नेता हर वक्त देशविरोधी बातें करते हैं. राहुल गांधी की भाषा माओवादी, मुस्लिम लीग और अर्बन नक्सल जैसी है.

भाजपा नेता अजय आलोक ने कहा कि राहुल गांधी पूरी तरह से दोषी नहीं हैं. आपको उस माहौल को समझना होगा जिसमें उनका जन्म हुआ. उनके घर की चारदीवारी के अंदर जो भी चर्चा होती थी, वही बातें वे आज कहते हैं. उनका जन्म और पालन-पोषण ऐसे परिवार में हुआ है, जहां पीढ़ी दर पीढ़ी पूर्व प्रधानमंत्रियों ने राष्ट्रहितों के विरुद्ध कार्य किए हैं. फिर भी, वे खुद को देशद्रोही नहीं मानते, बल्कि वे अपने कार्यों को उपलब्धि मानते है. उन्होंने चीन से सीधे कांग्रेस पार्टी के खातों में धन स्वीकार किया. अगर यह देशद्रोह नहीं है, तो फिर क्या है? गलवान क्षेत्र सीमा विवाद के दौरान, उन्होंने चीनी अधिकारियों के साथ भोजन किया. अगर यह देशद्रोह नहीं है, तो फिर क्या है? उनके वंश में, यह सब सामान्य माना जाता है. जब ऐसा व्यवहार उनके अपने परिवार में सामान्य है, तो हर दूसरा प्रधानमंत्री स्वाभाविक रूप से उन्हें देशद्रोही ही लगेगा

लोगों से त्याग करने को कहकर विदेश चले जाते हैं PM: पवन खेड़ा

राहुल गांधी द्वारा पीएम को गद्दार कहे जाने से जुड़े सवाल पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा, जब राजा देश के लोगों की चिंता करना छोड़ दे क्या उसे देशप्रेमी कह सकते हैं? वो लोगों से त्याग करने को कहते हैं लेकिन खुद विदेश चले जाते हैं.

Share this News...