पेट्रोल डीजल के लिए जमशेदपुर में अफरा-तफरी का माहौल, सुबह से ही पेट्रोल पंप पर लगी लम्बी लाइन

 

शहर के अधिकांश पेट्रोल पंपों पर नो- स्टॉक का बोर्ड लगा.

हाईवे स्थित अधिकतर पेट्रोल पंपों में भी तेल गायब.

पेट्रोल-डीजल को लेकर जमशेदपुर में भी अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया है. अधिकतर पेट्रोल पंपों पर नो-स्टॉक का बोर्ड लग गया है और जो पंप खुले हुए हैं वहां लंबी-लंबी कतारे देखी जा रही है. कदमा रंकणी मंदिर स्थित भारत पैट्रोलियम के पंप पर आज सुबह से ही लंबी-लंबी कतारे देखी जा रही है. पेट्रोल पंप चौराहा के बगल में स्थित होने के कारण तीन तरफ वाहनों की लंबी-लंबी लाइन लग गई है. कार, स्कूटी और बाइक की लाइन मुख्य सड़क पर स्थित डीबीएमएस स्कूल के दोनों गेट तक पहुंच गई है. यानी करीब आधा किलोमीटर तक लोगों की लाइन लगी हुई है. उल्लेखनीय है कि कल इस पेट्रोल पंप पर दोपहर के बाद से नो- स्टॉक का साइन लग गया था. आज सुबह-सुबह पंप खुलते ही जब लोगों को पता चला कि पेट्रोल मिल रहा है तो लोग अपने-अपने वाहन लेकर लाइन पर लग गए.

वहीं कर्मचारियों ने बताया कि तेल की कोई कमी नहीं है और कल देर रात दो वाहनों में तेल आ गया है. उधर हमने बिस्टुपुर का भी दौरा करने पर पाया कि अधिकतर पेट्रोल पंप आज की बंद पड़े हुए हैं और सभी में नो-स्टॉक का साइन लगा हुआ है. बहरहाल तेल- डीजल के इस मौजूदा संकट ने नोटबंदी की याद ताजा कर दी है जब लोग बैंक और एटीएम के सामने लंबी-लंबी कतारों पर खड़े नजर आ रहे थे. वैसे लाइन पर खड़े अधिकतर लोगों का यह कहना है कि तेल डीजल के दाम बढ़ाने वाले हैं इसलिए तेल कंपनियों ने सप्लाई कम कर दी है. वहीं सूत्रों से यह भी जानकारी मिली है कि हाईवे पर स्थित अधिकतर पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल और डीजल नहीं मिल रहे है फलस्वरुप लंबी दूरी तक चलने वाले बसों और ट्रकों पर भी संकट गहरा गया है.

Share this News...