झारखंड के चार जिलों में आयोजित रोजगार कैम्प में चयनित 822 युवतियां हुसूर रवाना, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने हटिया स्टेशन से स्पेशल ट्रेन को दिखाई हरी झंडी

रांची,27सितंबर।केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री अर्जुन मुंडा ने मंगलवार को हटिया रेलवे स्टेशन से हुसूर (तमिलनाडु) के लिए एक विशेष ट्रेन (संख्या-08633) को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस विशेष ट्रेन से टाटा समूह की कंपनी टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड द्वारा झारखंड के चार जिलों-खूंटी, सरायकेला, चाईबासा एवं सिमडेगा में आयोजित भर्ती अभियान में कुल 1898 चयनित उम्मीदवारों में से 822 लड़कियों के पहले बैच को ले जाया गया।
इस अवसर पर हटिया स्टेशन के प्रतीक्षालय में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि जनजातीय क्षेत्र की युवतियों को रोजगार मिलने से न केवल उनके परिवार का बल्कि पूरे भारत का भविष्य स्वर्णिम होगा। सबका साथ, सबका विश्वास के साथ आज जनजातीय कार्य मंत्रालय के प्रयासों की बदौलत रोजगार के नए अवसर इनकी प्रतीक्षा कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समृद्ध भारत की परिकल्पना में यह प्रयास भी एक कड़ी है।
श्री मुंडा ने कहा कि आज देश सेवा पखवाड़ा मना रहा है। इस मौके पर मैं यह कहना चाहूंगा कि बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ के साथ उन्हें समान अवसर भी दो। रोजगार भर्ती अभियान में चयनित सभी लोग लर्निंग-अर्निंग के साथ-साथ आगे की उच्च शिक्षा भी प्राप्त कर सकेंगे। हमारे देश की महिलाएं आज किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं, चाहे नावाचार हो या विनिर्माण का क्षेत्र सभी में वे आगे हैं। हम सभी को राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका सुनिश्चित करनी चाहिए।
श्री मुंडा ने सभी चयनित उम्मीदवारों से अपील करते हुए कहा कि आप वहां से प्रशिक्षण पाकर दक्ष बनें और झारखंड में भी ऐसे हुसूर जैसे कैंपस का निर्माण कर यहां की प्रतिभाओं को मौका दें। उन्होंने युवतियों के अभिभावकों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि आप अपनी बच्चियों की चिंता ना करें, वहां उनकी सुविधाओं का पूरा ख्याल रखा जाएगा। अब इन बच्चियों का अभिभावक मैं भी हूं, जल्द ही इनसे मिलने मैं हुसूर जाऊंगा।
इससे पहले जनजातीय कार्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव नवलजीत कपूर ने जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा जनजातीय समुदाय के उत्थान के लिए किए जाने वाले कार्यों एवं झारखंड के चार जिलों में संपन्न रोजगार भर्ती अभियान के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी दी।
समारोह को रांची के विधायक सी पी सिंह, हटिया के विधायक नवीन जायसवाल, तोरपा विधायक कोचे मुंडा ने भी संबोधित किया। धन्यवाद ज्ञापन दक्षिण पूर्व रेलवे रांची मंडल के मुख्य परियोजना प्रबंधक (गति शक्ति) सतीश कुमार ने दिया। इस मौके पर रांची नगर निगम के उप महापौर संजीव विजयवर्गिय, पूर्व विधायक श्रीमती विमला प्रधान, बड़कुंवर गगराई जनजातीय कार्य मंत्रालय एवं रेल मंत्रालय के अधिकारीगण एवं हुसुर रवाना होने वाली युवतियों के अभिभावक भी मुख्य रूप से मौजूद रहे।
उल्लेखनीय है कि टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स ने पिछले दिनों खूंटी, सिमडेगा, चाईबासा और सरायकेला में कैंप लगाकर इंटर पास छात्राओं का इंटरव्यू लिया था। कैंप में हजारों की संख्या में छात्राओं ने भाग लिया था। जिनमें से चयनित छात्राओं का पहला जत्था विशेष ट्रेन से आज हुसूर रवाना हुआ। इन क्षेत्रों में रोजगार के लिए पलायन एक बड़ी समस्या है, सबसे अधिक ट्रैफिकिंग इसी क्षेत्र से होता है। इसके लिए केंद्रीय मंत्री सह खूंटी के सांसद अर्जुन मुंडा ने टाटा समूह के उच्चाधिकारियों से बात कर इंटर पास युवतियों को कौशल विकास के साथ रोजगार उपलब्ध कराने की बात की थी। जिसके पश्चात जनजातीय कार्य मंत्रालय के सहयोग से टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स द्वारा रोजगार भर्ती कैंप लगया गया था। इन युवतियों को एक साल की ट्रेनिंग दी जाएगी, ट्रेनिंग के दौरान उन्हें कंपनी द्वारा आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
*

Share this News...