रांचीः14वीं जेपीएससी सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा सहित अन्य परीक्षाओं में हुई गड़बड़ी को लेकर उठा विवाद शांत होने का नाम नहीं ले रहा है. छात्र संगठनों के साथ-साथ राजनीतिक दल के द्वारा लगातार सरकार से सीबीआई जांच की मांग की जा रही है. इन सब के बीच पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार छात्रों ने राजधानी रांची के मोरहाबादी बापू वाटिका के नजदीक आज से अनिश्चितकालीन सत्याग्रह शुरू कर दिया है. इस दौरान छात्रों ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. छात्रों का कहना है कि जिस तरह से जेपीएससी और जेएसएससी की परीक्षाओं में लगातार गड़बड़ियां सामने आ रही हैं उससे साफ हो गया है कि सरकार के द्वारा सीटें बेची जा रही हैं और यहां के छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है.
सीबीआई जांच नहीं तो मुख्यमंत्री इस्तीफा दें-देवेंद्र महतो
छात्र नेता से राजनीति में आए देवेंद्र महतो कहते हैं कि जेपीएससी लगातार विवादों में रही है और इस बार तो हद हो गया. कम अंक वाले छात्र सफल हो गए और अधिक नंबर लाने वाले सड़क पर आंदोलन कर रहे हैं. इस मामले में सीआईडी जांच करा कर सरकार सीजीएल परीक्षा की तरह लीपापोती करना चाहती है. उन्होंने सीबीआई जांच की मांग करते हुए कहा कि या तो सरकार इसकी घोषणा करें, नहीं तो मुख्यमंत्री इस्तीफा दें.
वहीं छात्र नेता सफी इमाम ने कहा कि लगातार जेपीएससी और जेएसएससी की परीक्षाओं में गड़बड़ी होती रही है और सरकार मूकदर्शक बनी रही है. इससे कहीं ना कहीं यह प्रतीत होता है कि यहां किस तरह से गड़बड़ी होती है. इस बार तो हद हो गया कि 14वीं जेपीएससी सिविल सेवा पीटी परीक्षा में कम अंक लाने वाले सफल हो गए हैं और अधिक अंक लाने वाले छात्र सड़क पर घूम रहे हैं. उन्होंने रामगढ़ के एक छात्र का उदाहरण देते हुए कहा कि उसे कट ऑफ से अधिक अंक था. इसके बावजूद वह सफल नहीं हो पाया. ऐसे में सरकार परीक्षा में हुई गड़बड़ी की सीबीआई जांच कराए, नहीं तो आज से शुरू हुआ छात्रों का आंदोलन आगे चलकर उग्र रूप ले लेगा.
पुलिस ने प्रदर्शनकारी छात्रों को हटाने की कोशिश की
इस दौरान बापू वाटिका के नजदीक आंदोलन कर रहे छात्रों को पुलिस के द्वारा हटाए जाने की कोशिश भी की गई. पुलिसकर्मियों का कहना था कि डूरंड कप मैच को देखते हुए आंदोलन बापू वाटिका के बजाय किसी अन्यत्र जगह छात्र करें, ताकि कोई परेशानी ना हो. हालांकि आंदोलनरत छात्र ने पुलिस की बात मानने से इनकार कर दिया.
