हेमंत के साथ रामेश्वर उरांव , आलमगीर आलम, सत्यानंद भोक्ता ने मंत्री पद की शपथ ली

रांची. झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन दूसरी बार राज्य के मुख्यमंत्री बन गए। राज्यपाल द्रौपदी मुर्मु ने उन्हें राज्य के 11वें मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ दिलाई। रांची के मोरहाबादी मैदान में सोरेन के साथ आलमगीर आलम, रामेश्वर उरांव और सत्यानंद भोक्ता ने मंत्री पद की शपथ ली।

समारोह के लिए 14 दलों के 30 नेताओं को न्यौता दिया गया था। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के अलावा राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समारोह में मौजूद थे। वहीं असम के पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी, माकपा नेता सीताराम येचुरी, कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खडग़े, तमिलनाडु से राज्यसभा सांसद कनिमोझी, भाकपा महासचिव डी राजा, डीएमके से एमके स्टालिन आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह भी कार्यक्रम में पहुंचे।

सोरेन का परिवार भी समारोह में मौजूद रहा

हेमंत सोरेन का परिवार भी समारोह में पहुंचा। मंच पर हेमंत के पिता शिबू सोरेन और मां रूपी सोरेन मौजूद रहे। उनकी पत्नी समेत परिवार के बाकी सदस्य भी समारोह में उपस्थित थे।

Share this News...