हेमंत सोरेन के शपथ ग्रहण में विपक्ष के मेगा शो राहुल, ममता, स्टालिन और तेजस्वी समेत कई विपक्षी नेता बने गवाह

रांची
झारखंड के 11वें मुख्यमंत्री के तौर पर हेमंत सोरेन ने रविवार को शपथ ली। रांची में आयोजित शपथग्रहण समारोह में राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान विपक्षी दलों के कई बड़े नेता इसके गवाह बने। शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी, डीएमके अध्यक्ष एमके स्टालिन, बिहार के नेता प्रतिपक्ष और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव और ममता बनर्जी जैसे देश के तमाम नेता रांची पहुंचे।
विपक्ष ने हेमंत सोरेन के शपथग्रहण समारोह को शक्ति प्रदर्शन के रूप में प्रस्तुत करने की कोशिश की। हालांकि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के अलावा एनसीपी प्रमुख शरद पवार समेत कई बड़े नेता समारोह में शामिल नहीं हुए। राज्य सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि झारखंड के नए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के शपथग्रहण में शामिल होने वाले मुख्यमंत्रियों में राजस्थान सीएम अशोक गहलोत, छत्तीसग? सीएम भूपेश बघेल और पश्चिम बंगाल सीएम ममता बनर्जी हैं।
वहीं आम आदमी पार्टी नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह, आरजेडी नेता शिवानंद तिवारी, कांग्रेस के नेता और झारखंड प्रभारी आरपीएन सिंह समेत कई और नेता इस शपथग्रहण का गवाह बने। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री रघुबर दास भी इस दौरान मंच पर मौजूद रहे। हालांकि अरविंद केजरीवाल इस कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति नहीं दर्ज करा सके। हेमंत सोरेन के शपथ ग्रहण समारोह को ऐतिहासिक बनाने के लिए प्रधानमंत्री, सभी मुख्यमंत्रियों, बड़े नेताओं एवं सम्माननीय लोगों को आमंत्रित किया गया था। हालांकि निजी कारणों से ये लोग यहां उपस्थित नहीं हो सके।

ये नेता पहुंचे शपथ ग्रहण में
झारखंड के नये मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के शपथ ग्रहण में शामिल होने वाले मुख्यमंत्रियों में सिर्फ राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, छत्तीसगढ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी थीं. कांग्रेस नेता और पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ ही भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के महासचिव डी राजा और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के महासचिव सीताराम येचुरी भी समारोह में शामिल हुए. बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम माझी, पूर्व केन्द्रीय मंत्री तारीक अनवर के साथ अब भाकपा के महासचिव डी राजा, माकपा महासचिव सीताराम येचुरी भी शपथ ग्रहण के दौरान नजर आये. इनके अलावा भाकपा के राष्ट्रीय सचिव अतुल अंजान, राजद के तेजस्वी यादव, कांग्रेस नेता आरपीएन सिंह, अब्दुलबारी सिद्दिकी भी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रांची पहुंचे थे.

ये दिग्ग्ज नहीं पहुंचे
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के शपथग्रहण समारोह में विभिन्न दलों के कई बड़े नामों के शामिल होने का झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) का दावा सही प्रतीत होता नजर नहीं आया. पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रमुख शरद पवार, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल रांची नहीं पहुंचे. जहां प्रणब मुखर्जी ने खराब स्वास्थ्य का हवाला दिया वहीं केजरीवाल को संदेश लेकर सांसद संजय सिंह शपथ ग्रहण समारोह में पहुंचे. समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और बसपा सुप्रीमो मायावती भी इस समारोह में शामिल नहीं हुए.

Share this News...