झारखंड सरकार ने शुक्रवार को वन संरक्षण अभियान शुरू किया है, जिसके तहत राज्यभर में एक लाख पेड़ों को राखी बांधी जाएगी। प्रधान मुख्य वन संरक्षक (पीसीसीएफ) संजीव कुमार ने गुमला जिले के जोराग गांव में साल के एक पेड़ को राखी बांधकर इस पहल की शुरुआत की।
कुमार ने कहा, पेड़ बचाओ अभियान के तहत ग्रामीण, वन अधिकारी और कर्मचारी मिलकर 24 जिलों के 700 गांवों में एक लाख पेड़ों को राखी बांधेंगे। यह अभियान एक महीने तक चलेगा और चयनित गांवों में तीन लाख पेड़ों को राखी बांधने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य ग्रामीणों और जंगलों के बीच भावनात्मक जुड़ाव पैदा करना है।
कुमार ने कहा, रक्षाबंधन भाई-बहन के बीच विश्वास और अटूट बंधन का उत्सव है। प्रकृति के साथ भी हमारा ऐसा ही रिश्ता है। इसलिए पर्यावरण की रक्षा करना हमारा कर्तव्य है। इस अभियान का उद्देश्य लोगों को प्रकृति के साथ भावनात्मक रूप से जोड़ना है। कुमार की पहल पर पहली बार यह कार्यक्रम 2004 में धनबाद जिले के टुंडी प्रखंड के कभी माओवाद प्रभावित रहे लुकैया गांव में शुरू किया गया था। उन्होंने बताया कि तब से राज्यभर के 12,000 से अधिक गांव इस कार्यक्रम से जुड़ चुके हैं।
कुमार ने दावा किया कि इस पहल ने राज्य में वन क्षेत्र बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।भारतीय वन सर्वेक्षण (एफएसआई) के अनुसार, झारखंड में पिछले दो दशकों में वन क्षेत्र 1,128 वर्ग किलोमीटर बढ़ा है।
