चलती ट्रेन में पिस्तौल लहराकर यात्रियों को धमकाने वाले दो अपराधी गिरफ्तार,जमशेदपुर से हथियार लेकर रांची जा रहे थे आरोपी

 

दोनों आरोपी युवक रांची के रहने वाले
जमशेदपुर : चलती ट्रेन में अवैध देशी पिस्तौल लहराकर यात्रियों में दहशत फैलाने वाले दो अपराधियों को रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी जमशेदपुर से हथियार लेकर रांची जा रहे थे, जहां इसकी सप्लाई की जानी थी।
रेल सुरक्षा बल रांची मंडल के कमांडेंट पवन कुमार के निर्देश पर ट्रेनों एवं रेलवे परिसरों में लगातार सुरक्षा जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को ट्रेन संख्या 18615 हावड़ा-हटिया क्रियायोगा एक्सप्रेस में आरपीएफ पोस्ट रांची की एस्कॉर्ट टीम चांडिल से हटिया तक ड्यूटी पर थी।
कीता रेलवे स्टेशन पार करने के बाद सामान्य कोच से अचानक शोर-शराबे और अफरा-तफरी की आवाज सुनाई दी। सूचना मिलते ही आरपीएफ जवान कोच में पहुंचे, जहां एक युवक यात्रियों के बीच अवैध देशी पिस्तौल लहराकर धमका रहा था, जबकि उसका साथी अभद्र भाषा का प्रयोग कर यात्रियों को डराने का प्रयास कर रहा था। इससे कोच में दहशत का माहौल बन गया।
आरपीएफ टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों युवकों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान एक देशी पिस्तौल और 7.65 एमएम का एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान अकीब खान (21 वर्ष) एवं रेहान खान (20 वर्ष), निवासी बड़ियातू जोड़ा तालाब, सरताज कॉलोनी, रांची के रूप में बताई।
घटना की सूचना तत्काल आरपीएफ रांची मंडल के अधिकारियों को दी गई। ट्रेन के रांची स्टेशन पहुंचने पर उप निरीक्षक सूरज पांडे, एएसआई भुतेश झा तथा आरपीएफ अपराध शाखा (सीआईबी) की टीम ने आगे की कार्रवाई की।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि हथियार उन्हें टाटानगर रेलवे स्टेशन के समीप एक अज्ञात व्यक्ति ने उपलब्ध कराया था। दोनों आरोपी उक्त हथियार को रांची में किसी व्यक्ति तक पहुंचाने जा रहे थे। यात्रा के दौरान यात्रियों ने उन्हें हथियार संभालते देख लिया, जिसके बाद हंगामा शुरू हो गया।
आरपीएफ ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर हथियार एवं कारतूस जब्त कर लिया। बाद में सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आरोपियों को आगे की कार्रवाई के लिए जीआरपी रांची के सुपुर्द कर दिया गया। जीआरपी थाना रांची में शस्त्र अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

Share this News...