राजगंज को प्रखंड बनाने की मांग लेकर विराट धरना, आजसू ने बाबूलाल से लेकर अभी हेमंत सोरेन तक के वादों को याद दिलाया

Dhanbad,25 feb : धनबाद जिला के एक अहम हिस्सा राजगंज को प्रखंड बनाने की मांग को लेकर आज आजसू के बैनर तले जोरदार ढंग से धरना दिया गया।धरनास्थल था राजगंज बाजार का पलटनटांड लाइब्रेरी मैदान। इस बहुप्रतीक्षित मांग को लेकर धरना प्रदर्शन का आह्वान पूर्व विधायक स्व राजकिशोर महतो के प्रतिनिधि हलधर महतो ने किया था जिसमे भारी संख्या में महिला , युवा ,बुजुर्ग सहित तमाम ग्रामीणों ने भाग लिया ।सुदूर इलाके से ढोल,नगाड़ा,तुरही,मांदर,गाजा बाजा लेकर लोग पहुंचे थे।
उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए आजसू नेता हलधर महतो ने कहा कि अजीब स्थिति है कि राजगंज से जिला मुख्यालय की दूरी 15 किलोमीटर और बाघमारा प्रखंड की दूरी 30 किलोमीटर,गरीब जनता परेशान और बेहाल है,और सरकार चैन से सोई पड़ी है।उन्होंने कहा इसी राज्य के इसी जिले में मात्र सात पंचायत को मिलाकर पूर्वी टुंडी प्रखंड का सृजन हुआ है।निरसा को काटकर कलियासोल और इग्यारकुण्ड प्रखंड बनाये गए।लेकिन सारी अहर्ताएं रहने के बावजूद राजगंज के मुद्दे पर सरकार संवेदनहीन बनी हुई है।श्री महतो ने कहा कि बाघमारा प्रखंड में 61 पंचायत हैं जिनमें से 16 औऱ तोपचांची प्रखंड के ढाँगी और नेरो पंचायत को लेकर कुल 18 पंचायतों का प्रखंड दो दशक से प्रस्तावित और लंबित है।प्रथम मुख्यमंत्री बाबूलाल से लेकर अर्जुन मुंडा और वर्तमान सरकार के मुखिया हेमंत सोरेन तक ने राजगंज के इसी मैदान की सभाओं में वायदे किये थे कि सरकार बनने के साथ राजगंज को प्रखंड मुख्यालय का दर्जा मिल जाएगा।दुर्भाग्य है कि सारे वादे कोरा साबित हुए।उन्होंने कहा आंदोलन से ही झारखंड का निर्माण हुआ है,अब हमने भी प्रखंड की मांग को लेकर शंखनाद कर दिया है,अब यह कारवां रुकने वाला नहीं है।स्व राजकिशोर महतो के सपनों में शामिल इस मांग को अमलीजामा पहनाकर ही दम लेंगे।श्री महतो ने बताया कि प्रस्तावित प्रखंड की आबादी सवा लाख है,यहां थाना,इंटर,डिग्री कालेज,प्राथमिक मध्य एंव हाईस्कूल हैं,भूमि भी पर्याप्त उपलब्ध है।लेकिन सरकार की मंशा साफ नहीं है।उन्होंने कहा कि राजगंज को नगरनिगम में शामिल कर यहां के गरीब गुरबों की जमीन को अधिगृहित करने का ख्यालीपुलाव पकाया जा रहा है,ऐसा कतई नहीं होने देंगे।उन्होंने टुंडी के वर्तमान विधायक मथुरा महतो को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि वे दो दो बार कैविनेट का अहम हिस्सा रहे,आज भी उनकी सरकार है।लेकिन उन्होंने भी यहां की जनता को छलने का काम किया।अब नाइंसाफी की हद हो गयी,इसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। श्री महतो ने महिलाओं से अपील की कि वे नित्य मुख्यमंत्री के ट्विटर पर ट्वीट करें और उन्हें सोचने को मजबूर करें।
धरना को आजसू के जिलाध्यक्ष मंटू महतो,राजकिशोर महतो के पुत्र राहुल महतो,मुखिया समरी देवी आदि ने भी संबोधित किया।संचालन शेखर महतो ने किया।

Share this News...