राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शामिल होंगी महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के अंतिम संस्कार में

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के राजकीय अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए यूनाइटेड किंगडम जाएंगी. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 17-19 सितंबर 2022 को भारत सरकार की ओर से संवेदना व्यक्त करने के लिए लंदन जाएंगी. विदेश मंत्रालय ने बुधवार को यह जानकारी दी. महारानी का अंतिम संस्कार 19 सितंबर को वेस्टमिंस्टर एब्बे में होगा.
विदेश मंत्री एस. जयशंकर 12 सितंबर को यहां ब्रिटिश उच्चायोग गए और भारत की ओर से संवेदना जताई थी. महारानी के निधन पर भारत ने रविवार को एक दिन का राष्ट्रीय शोक भी घोषित किया था. विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के 70 साल के शासनकाल में, भारत और ब्रिटेन के संबंध काफी विकसित और प्रगाढ़ हुए हैं. राष्ट्रमंडल के प्रमुख के रूप में उन्होंने दुनिया भर के लाखों लोगों के कल्याण के लिए अहम भूमिका निभाई.

कई देशों के नेता होंगे शामिल

महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के राजकीय अंतिम संस्कार में सैकड़ों राष्ट्राध्यक्षों के शामिल होने की उम्मीद है. ब्रिटेन में इस दिन सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है. अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन भी महारानी के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे. इनके अलावा फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन और कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो भी लंदन आएंगे.

लंदन पहुंचा महारानी पार्थिव शरीर
ब्रिटेन की दिवंगत महारानी एलिजाबेथ का पार्थिव शरीर मंगलवार शाम को स्कॉटलैंड से लंदन पहुंचा था. उनके ताबूत को अंतिम रात बकिंघम पैलेस में रखा जाएगा. महारानी के ताबूत को बुधवार से चार दिन के लिए वेस्टमिंस्टर हॉल में रखा जाएगा और सोमवार को उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा.

Share this News...