गोइलकेरा -बीएसएफ के रिटायर्ड जवान की नक्सलियों ने की गोली मारकर हत्या,शव को बीच सड़क पर लाकर फेंका

,

पुलिस का मुखबिर बता घर में घुसकर मारी गोली, लूट लिया बंदूक

गोइलकेरा | संवाददाता

गोइलकेरा के सुदूर इलाकों में नक्सलियों का तांडव जारी है। भाकपा माओवादी नक्सलियों के हथियारबंद दस्ते ने बीती रात थाना क्षेत्र के काशीजोड़ा गांव में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के सेवानिवृत्त जवान सुखलाल पूर्ति की गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना से आसपास के गांवों में दहशत है। 50 वर्षीय सुखलाल पूर्ति को नक्सलियों ने पुलिस का मुखबिर बताकर मार डाला। हत्या के बाद पर्चे भी छोड़ गए, जिनमें पुलिस की मुखबिरी की सजा मौत बताई गई है। वहीं एसपीओ और मुखबिरी करने वालों को नक्सलियों ने पर्चे के माध्यम से चेतावनी दी है। जानकारी के अनुसार गुरुवार की रात करीब आठ बजे नक्सलियों के हथियारों से लैस दस्ते ने काशीजोड़ा गांव में दबिश दी। यहां सुखलाल पूर्ति के घर को उन्होनें घेर लिया और दरवाजा तोड़कर घर में घुस गए। परिवार के लोगों को कब्जे में लेने के बाद नक्सलियों ने सुखलाल पूर्ति को गोली मार दी। जिससे घर के अंदर ही उनकी मौत हो गई। नक्सलियों ने इसके बाद सुखलाल के शव को उठाकर गोइलकेरा-चाईबासा सड़क पर फेंक दिया। बाद में परिजनों ने शव को उठाकर घर में रखा और पुलिस को सूचना दी। शुक्रवार सुबह गोइलकेरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। नक्सलियों ने हत्या के बाद घर पर रखे सामानों को तहस-नहस कर दिया और सेवानिवृत्त जवान की सिंगल बैरल बंदूक भी लूटकर ले गए। बता दें कि कोल्हान के जंगलों में विगत 10 अगस्त को सुरक्षा बलों के संयुक्त अभियान में नक्सलियों के 11 कैंप तबाह हो गए थे, इसके बाद से ही नक्सली काफी आक्रामक और हिंसक हो गए हैं। अभियान में हुई क्षति के बाद नक्सलियों ने अब तक छह लोगों को पुलिस की मुखबिरी के आरोप में मौत के घाट उतार दिया है।

Share this News...