झारखंड में मानसून का हालःजमशेदपुर में सबसे अधिक 195.2 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड

 

 बारिश को लेकर कई जिलों में अलर्ट, 20 जुलाई तक दिखेगा असर
.

झारखंड में मानसून पूरी तरह सक्रिय बना हुआ है.

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि कुछ इलाकों में भारी वर्षा दर्ज की गई. मौसम केंद्र के अनुसार सबसे अधिक 195.2 मिलीमीटर बारिश पूर्वीसिंहभूम के जमशेदपुर में रिकॉर्ड की गई. इसके बाद खूंटी के तोरपा में 110 मिमी, रानिया में 72.2 मिमी और पश्चिमी सिंहभूम के कुमारडुंगी में 71 मिमी वर्षा दर्ज की गई. इसके अलावा बुड़मू, जामताड़ा, खरसावां समेत कई क्षेत्रों में भी अच्छी बारिश हुई.

शुक्रवार  की सुबह जमशेदपुर में मूसलाधार बारिश हुई और फिर देर रात को भी जोरदार बारिश से पूरा शहर तरबतर हो गया. आज शनिवार सुबह तक जमशेदपुर में बारिश का सिलसिला जारी रहा जिससे अचानक स्वर्ण रेखा नदी का जलस्तर बढ़ गया है. अभी तक नदी में अब तक पानी का बहाव बहुत हल्का दिख रहा था मगर आज उसका बहाव दोनों तटों को छूने लगा.

राजधानी रांची में शनिवार सुबह से लगातार अच्छी बारिश रिकॉर्ड हुई है.

19 जुलाई को बारिश का सिलसिला रहेगा जारी

रविवार को भी मौसम में कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा. पूरे राज्य में बादलों का डेरा बना रहेगा और कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. दक्षिण-पूर्वी, उत्तर-पूर्वी और धनबाद से सटे मध्य झारखंड के कुछ हिस्सों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है. गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर भी जारी रहने के आसार हैं. 19 जुलाई को पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, गिरिडीह, धनबाद, देवघर, जामताड़ा, दुमका, पाकुड़, साहिबगंज, और गोड्डा में भारी बारिश का पूर्वानुमान है.

20 जुलाई को उत्तर-पूर्वी और मध्य झारखंड पर नजर

सोमवार को भी मानसूनी गतिविधियां जारी रहेंगी. राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है. मौसम केंद्र के मुताबिक कोडरमा, धनबाद और आसपास के मध्य एवं उत्तर-पूर्वी क्षेत्रों में शुमार गिरिडीह, देवघर, दुमका, जामताड़ा, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है. इसके साथ ही कई जिलों में वज्रपात और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना बनी रहेगी.

 

पिछले 24 घंटे में तापमान का हाल

तापमान की बात करें तो पिछले 24 घंटों में राज्य का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस डाल्टनगंज में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.3 डिग्री सेल्सियस लातेहार में रिकॉर्ड किया गया. रांची में 31.1, जमशेदपुर में 29.2, बोकारो में 31.5 और चाईबासा में 32.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है.

मौसम केंद्र रांची के मुताबिक अधिकतम तापमान में अधिकांश स्थानों पर कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ है. हालांकि कुछ इलाकों में इसमें 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई. वहीं न्यूनतम तापमान भी राज्य के अधिकांश हिस्सों में सामान्य के आसपास बना रहा.

Share this News...