कड़ी सुरक्षा के बीच झारखंड के 21 जिलों में 9819 सीटों पर मतदान संपन्न

रांची, झारखंड राज्‍य के 21 जिलों में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पहले चरण की 9819 सीटों पर शनिवार को मतदान संपन्न हो गया है। इस चरण में 52 लाख 22 हजार 815 मतदाता शामिल थे। लोकतंत्र के इस महापर्व में 14,079 मतदान केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान सुबह सात बजे से शाम तीन बजे तक हुआ। शाम तीन बजे तक मतदान केंद्रों पर कतार में लगे सभी मतदाताओं को मतदान का अवसर प्राप्त हुआ। मतदान बैलेट बाक्स के माध्यम से हुआ।

दोपहर 1 बजे तक झारखंड में 55.83 फीसद मतदान

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तहत पहले चरण की 9,819 सीटों पर पूर्वाह्न 11 बजे तक लगभग 35 प्रतिशत मतदान हुआ था। दोपहर एक बजे तक 55.83 फीसद मतदान की सूचना है। देर शाम अंतिम आंकड़े आएंगे। राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव राधेश्याम प्रसाद के अनुसार, सभी जगहों पर शांतिपूर्ण मतदान हुआ है। कहीं से कोई गड़बड़ी की सूचना आयोग को नहीं मिली है।

पहले चरण की 9,819 सीटों पर वोट, 30,221 उम्मीदवारों का तय होगा भाग्य

आज हो रहे मतदान में 30 हजार 221 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होगा, जिनमें 17,437 महिला उम्मीदवार हैं। इस चरण की कुल 9,819 सीटों में 5,057 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। इस चरण में पड़े मतों की गणना 17 मई को होगी। पहले चरण में कोडरमा, जामताड़ा व खूंटी को छोड़कर शेष 21 जिलों के 72 प्रखंडों के 1,117 ग्राम पंचायतों में मतदान हो रहा है। पहले चरण में जिन 14,079 मतदान केंद्रों में मतदान हो रहा है उनमें 5,704 संवेदनशील तथा 5,450 अति संवेदनशील हैं।

7,304 ग्राम पंचायत सदस्य के लिए 17,822 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।
1,117 पंचायतों के मुखिया पद के लिए 6,890 उम्मीदवार अपना भाग्य आजमा रहे हैं।
1,256 पंचायत समिति सदस्यों के लिए 4,694 उम्मीदवार हैं।
143 जिला परिषद सदस्य के लिए 815 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।
52,22,815 मतदाताओं में 26,76,109 पुरुष, 25,46,688 महिला तथा 18 थर्ड जेंडर मतदाता है।

Share this News...