जानें कैसी होने जा रही है जमशेदपुुर और रांची की बिजली व्यवस्था

रांची,राजधानी रांची और जमशेदपुर में बिजली आपूर्ति और बिलिंग का कार्य निजी हाथों में सौंपने की कवायद तेज हो गई है। ऊर्जा विभाग ने इसके लिए रिक्वेस्ट फार प्रपोजल जारी करते हुए ट्रांजेक्शन एडवाइजर की नियुक्ति की है। झारखंड बिजली वितरण निगम के कार्यकारी निदेशक केके वर्मा ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दिल्ली और मुंबई की तर्ज पर झारखंड के दो शहरों में बिजली वितरण और बिलिंग का कार्य निजी कंपनियों को सौंपने की प्रक्रिया चल रही है।
फिलहाल इसके लिए नियुक्त ट्रांजेक्शन एडवाइजर रांची और जमशेदपुर में बिजली वितरण निगम की संपत्तियों का आकलन कर विभाग को रिपोर्ट सौंपेंगे। इसी के आधार पर निजी कंपनियों को इस कार्य के लिए आमंत्रित किया जाएगा। ये कंपनियां निविदा के माध्यम से अपना आवेदन कर सकेंगी। चयनित कंपनी को बिजली वितरण और आपूर्ति की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। उन्होंने बताया कि देश के महत्वपूर्ण शहरों में कोलकाता इलेक्ट्रिसिटी सप्लाई कंपनी, टाटा पावर, अडानी पावर, टोरेंट पावर आदि यह कार्य करती है।
पहले भी हो चुकी है कवायद
पूर्ववर्ती अर्जुन मुंडा सरकार ने रांची और जमशेदपुर में बिजली आपूर्ति और बिलिंग के लिए फ्रेंचाइजी नियुक्त किया था। रांची में कोलकाता इलेक्ट्रिसिटी सप्लाइ कंपनी (सीइएससी) और जमशेदपुर में टाटा पावर को इसका जिम्मा दिया गया था। बाद में राज्य सरकार ने इस फैसले को रद कर दिया। सीइएससी ने इस फैसले को न्यायालय ने चुनौती भी दी थी।

Share this News...