पोटका : पोटका के जिला परिषद सदस्य सूरज मंडल एवं उनके साथियों पर कांवड़ यात्रा के दौरान हुए हमले के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर रविवार को शौर्य यात्रा समिति एवं ग्रामीणों द्वारा आहूत हल्दीपोखर बंद का व्यापक असर देखने को मिला। रविवार सुबह से ही हल्दीपोखर की लगभग सभी दुकानें स्वतः बंद रहीं। वहीं, सड़कों पर भी सन्नाटा पसरा रहा। हालांकि बंद के दौरान वाहनों के परिचालन को मुक्त रखा गया था।
ज्ञात हो कि विगत रविवार को हरिणा मुक्तेश्वर धाम कांवड़ लेकर जा रहे जिला परिषद सदस्य सूरज मंडल एवं उनके दो साथियों पर कैरासाई के समीप अज्ञात हमलावरों ने हमला कर उन्हें घायल कर दिया था। घटना के एक सप्ताह बीत जाने के बावजूद अब तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से ग्रामीणों में रोष व्याप्त है।
जिला परिषद सदस्य सूरज मंडल ने कहा कि बंद के बावजूद यदि पुलिस हमलावरों को गिरफ्तार नहीं करती है, तो ग्रामीणों के साथ मिलकर आगे की रणनीति तय की जाएगी। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले में शीघ्र कार्रवाई करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
