रांची: सदर थाना क्षेत्र स्थित एक ऑटोमोबाइल के सर्विस सेंटर में रविवार की सुबह अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. आग इतनी तेजी से फैली कि सर्विसिंग के लिए सेंटर में खड़ी करीब आधा दर्जन गाड़ियां इसकी चपेट में आ गईं और जलकर क्षतिग्रस्त हो गईं. घटना के बाद सर्विस सेंटर में मौजूद कर्मचारियों और आसपास के लोगों के बीच हड़कंप मच गया.
पहले एक वाहन में लगा आग
जानकारी के अनुसार सर्विस सेंटर परिसर में खड़ी एक गाड़ी में अचानक आग लगी. फिर देखते ही देखते आग ने आसपास खड़ी अन्य गाड़ियों को भी अपनी चपेट में ले लिया. आग की लपटें देखकर तत्काल इसकी सूचना अग्निशमन विभाग को दी गई. इसके बाद दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया. कंपनी के कर्मचारियों ने भी आग पर काबू पाने में मदद की. काफी मशक्कत के बाद आग पर आंशिक रूप से काबू पाया गया
सदर थाना प्रभारी कुलदीप कुमार ने बताया कि सर्विस सेंटर में खड़े एक वाहन में अचानक आग लगी थी. इसके बाद आसपास खड़ी अन्य गाड़ियां भी आग की चपेट में आ गईं. शुरुआती जानकारी के अनुसार करीब 4 से 5 वाहन जलकर खाक हो गए हैं. फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है. पुलिस और संबंधित विभाग की ओर से मामले की जांच की जा रही है. आग से हुए नुकसान का भी आकलन किया जा रहा है.
