गुमला में झूलते तार की चपेट में आने से 3 की मौत, 9 घायल

गुमला। झारखंड के गुमला जिले में बिजली के झूलते तार की चपेट में आने से 2 महिलाओं समेत 3 श्रमिकों की मौत हो गई और 9 अन्य घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार यह घटना शुक्रवार को डुमरटोली मोहल्ले में हुई। श्रमिक घटना के समय मिक्सचर मशीन ले जा रहे थे, तभी वे झूल रहे तार की चपेट में आ गए। 2 श्रमिकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि 1 अन्य की मौत रिम्स, रांची में शनिवार को हुई। घायलों का गुमला सदर अस्पताल और रिम्स में उपचार चल रहा है।
एक निर्माणाधीन घर की छत की ढलाई हो रही थी और इसी काम में लगे मजदूर हादसे का शिकार हो गए। छत से करीब 1 फीट ऊपर हाइटेंशन तार गया हुआ है और काम के दौरान मिक्चर मशीन करंट के संपर्क में आ गया। इससे मशीन को पकड़े मजदूरों को करंट का जोर का झटका लगा।
इधर, घटना के विरोध में रांची-गुमला मेन रोड को डुमरटोली के पास आक्रोशित लोगों ने एक घंटे के लिए जाम कर दिया। इसमें ज्यादातर महिलाएं शामिल हुई। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
मृतकों की पहचान बगरू निवासी रोशन खड़िया, धौधरा निवासी अलका कुमारी और बिंदु देवी के रूप में की गई। जबकि घायलों में कार्तिक खड़िया, सुरेंद्र गोप, संतोष लकड़ा, मंगरी कुमारी, बलकी लकड़ा, रवि गोप, सोनी मिंज, रजनी कुमारी, सुमित कुमार शामिल है। सभी मजदूर धोधरा और आसपास के गांव के रहने वाले हैं। घायलों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से दो की स्थिति गंभीर बनी हुई, उन्हें रिम्स रेफर किया गया है।

Share this News...