हार्दिक पंड्या को गुजरात टाइटंस ने किया रिलीज, मुंबई इंडियंस में लौटेंगे: रोहित के गुजरात आने की चर्चा

मुंबई
इंडियन प्रीमियर लीग से जुड़ी बड़ी खबर आ रही है। गुजरात टाइटंस ने कप्तान हार्दिक पंड्या को रिलीज करने का फैसला किया है। हार्दिक फिर से अपनी पुरानी टीम मुंबई इंडियंस में लौट रहे हैं। गुजरात की टीम से जुड़े सूत्रों ने इस खबर को कन्फर्म किया है। शुभमन गिल को गुजरात टाइटंस की कमान सौंपी जा सकती है।
मुंबई से एक खिलाड़ी गुजरात में आएगा
हार्दिक पंड्या को मुंबई इंडियंस के एक खिलाड़ी से स्वैप किया गया है। हालांकि वह खिलाड़ी कौन है, इस बारे में जानकारी अभी सामने नहीं आई है। पहले यह बताया जा रहा था कि मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा गुजरात में आ सकते हैं और हार्दिक मुंबई की कप्तानी करेंगे। एक खबर यह भी चल रही थी कि हार्दिक को इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर से स्वैप किया जाएगा।
पहले ही सीजन में गुजरात को चैंपियन बनाया
गुजरात टाइटंस की टीम आईपीएल में पहली बार 2022 सीजन में उतरी। टीम ने हार्दिक की कप्तानी में पहले सीजन में ही चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। 2023 के सीजन में भी गुजरात टीम फाइनल में पहुंची, जहां उसे चेन्नई सुपर किंग्स से हार का सामना करना पड़ा था।
हार्दिक ने मुंबई के साथ 4 आईपीएल खिताब जीते
हार्दिक पंड्या ने अपने आईपीएल करियर की शुरुआत 2015 में मुंबई इंडियंस के साथ की थी। पंड्या ने टीम में अहम रोल निभाया और 4 आईपीएल खिताब जीते। हार्दिक 2021 तक मुंबई इंडियंस में रहे और इसी साल टीम के साथ आखिरी सीजन खेला। 2022 में हार्दिक गुजरात टाइटंस के साथ जुड़े और टीम के कप्तान बने।

26 नवंबर को ट्रेड का आखिरी दिन, 19 दिसंबर को होगा ipl 2024 मिनी ऑक्शन
ipl 2024 का ऑक्शन 19 दिसंबर को होगा। वहीं, 26 नवंबर तक ट्रेडिंग विंडो बंद होगी। अब तक रोमारियो शेफर्ड, देवदत्त पडिक्कल और आवेश खान अपनी टीमों से दूसरी टीमों में ट्रेड किए जा चुके हैं। शेफर्ड लखनऊ सुपर जायंट्स से मुंबई इंडियंस में, पडिक्कल राजस्थान रॉयल्स से लखनऊ सुपर जाइंट्स में और आवेश लखनऊ से राजस्थान रॉयल्स में ट्रेड किए गए हैं।

Share this News...