गोलमुरी में चंगाई सभा के दौरान हंगामा, धर्मांतरण के आरोप में तोडफ़ोड़, आगजनी, पुलिस को करना पड़ा लाठी चार्ज

संत रवि सिंह हिरासत में

जमशेदपुर

आज गोलमुरी थाना अंतर्गत नानक नगर रेल ट्रैक के समीप में धर्मांतरण के आरोप में जमकर विवाद और हिंसा हुई। तोडफ़ोड़, आगजनी के बाद बिगड़ते हालत को संभालने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। बजरंग दल सहित कुछ हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं पर हंगामा का आरोप लगा है। फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में है। बताया जा रहा है कि जमशेदपुर के गोलमुरी थाना अंतर्गत नानक नगर रेल पटरी के पास मिशनरीज के द्वारा चंगाई सभा का आयोजन किया था। इसमें काफी संख्या में लोग एकत्र हुए थे। इस बात की शिकायत आई कि यहां गरीबों का धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है।
सभा में धर्म परिवर्तन कराए जाने का आरोप लगाते हुए कुछ हिंदूवादी संगठनों के लोग मौके पर पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया। इसमें कुछ महिलाएं व लड़कियां भी शामिल थीं।कार्यक्रम के लिए लगाए गए बैनर व पोस्टर फाड़ डाले गए। इसमें आग लगा दी गई। मिशनरीज ऑफिस की कुर्सियां व टेबल भी तोड़ दिए।
सूचना पाकर गोलमुरी पुलिस वहां पहुंची और हालात संभालने का प्रयास किया। लेकिन आक्रोशित लोगों को पुलिस भी शांत नही करवा पाई। उग्र लोग पुलिस के सामने नारेबाजी व तोडफ़ोड़ करते रहे। इसके बाद हालात को संभालने के लिए क्यूआरटी टीम को मौके पर बुलाया गया। प्रभारी डीएसपी सिटी अनिमेष गुप्ता भी घटनास्थल पर पहुंचे। लोगों से शांत रहने की अपील की लेकिन उपद्रव लगातार बढ़ता गया।
इसके बाद हालात को नियंत्रण में करने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया। बर्मामाइंस थाना प्रभारी राजू, सीतारामडेरा थाना प्रभारी अखिलेश मंडल, सिदगोड़ा थाना प्रभारी रंजीत और जेएनएसी सिटी मैनेजर रवि भारती मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों ने लोगों ने शांति व्यवस्था बनाए रखने का आग्रह किया। फिलहाल मामला शांत है।
मिली जानकारी के अनुसार हर रविवार मिशनरीज में संत रवि सिंह की ओर से प्रार्थना का आयोजन किया जाता हैं। इसका नाम महाअभिषेक की प्रार्थना दिया गया है। रविवार के दिन काफी संख्या में लोग प्रार्थना करने पहुंचे थे। स्थानीय लोगों का आरोप है कि मिशनरीज द्वारा इस कार्यक्रम व प्रार्थना सभा के जरिए भोले-भाले लोगों को पैसों का लालच देकर धर्म परिवर्तन करवाया जा रहा है।
लोगों को उनके कष्टों से मुक्ति का झूठा आश्वासन दिया जाता है। इस मामले में पूर्व में कई बार शिकायत की गई लेकिन पुलिस ने इसका संज्ञान नहीं लिया। कोरोना काल में भी यह कार्यक्रम चलता रहा। इसमें भारी भीड़ होती रही।
पुलिस ने कहा, लंबे समय से चल रहा कार्यक्रम
गोलमुरी थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने कहा कि चंगाई सभा का आयोजन लंबे समय से हो रहा है। बजरंग दल सहित कुछ संगठनों के लोगों का आरोप है कि यहां धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है लेकिन अब तक धर्म-परिवर्तन कराए जाने का एक भी मामला सामने नहीं आया है। रविवार को कुछ लोगों ने इसी को लेकर कार्यक्रम के दौरान हंगामा किया।
सिटी एसपी सुभाष चंद्र जाट ने बताया कि दोनों पक्षों की बातों को सुना गया है, दोनों के आरोपों की जांच की जा रही है, जो भी पक्ष दोषी होंगे उनके खिलाफ कड़ी कार्यवाई की जाएगी. वहीं पुलिस ने धर्मान्तरण कराने वाले रवि सिंह को हिरासत में ले लिया है, जिसे पूछताछ के लिए अपने साथ थाने ले गयी है.

Share this News...