Kolhan को अर्जुन मुंडा की एकलव्य विद्यालयों की सौगात, राजनगर में शिलान्यास के साथ अभियान का श्री गणेश

Seraikella,3 July आज राजनगर प्रखंड क़े खैरबानी गाँव में एकलव्य आदर्श मॉडल विद्यालय का शिलान्यास सम्पन्न हुआ। केंद्रीय आदिवासी कल्याण एवं जनजातीय मामलों के मंत्री अर्जुन मुंडा ने केंद्रीय मंत्री के रूप में कोल्हान को 5 एकलव्य स्कूलों की सौगात दी है जिसमे यह पहला शिलान्यास है। सर्वप्रथम उपायुक्त अरवा राजकमल ने अर्जुन मुंडा, झारखंड के कल्याण एवं परिवहन मंत्री चंपई सोरेन एवं कोल्हान सांसद श्रीमती गीता कोड़ा को पुष्पगुच्छ एवं शाल देकर स्वागत किया।
इस अवसर पर अर्जुन मुंडा ने कहा 50% से अधिक अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति की आबादी और कम से कम 20,000 आदिवासी व्यक्तियों वाले प्रत्येक ब्लॉक में एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय बनेगा। उन्होंने बताया एकलव्य स्कूल में अनुसूचित जनजाति छात्रों (कक्षा 6 से 12 वीं) के लिए प्राथमिक से लेकर 12 वीं स्तर की शिक्षा की व्यवस्था होगी। इसका एकमात्र उद्देश्य एस टी छात्रों को शिक्षित बनाकर राष्ट्र निर्माण के लिए तैयार करना है। उन्होंने कहा कि एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय को नवोदय विद्यालय की तर्ज पर *सेंटर ऑफ एक्सीलेंस* के रूप में विकसित किया जायेगा। इसके तहत संबंधित राज्य में स्थापित एक व्यक्तिगत खेल और एक समूह खेल के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं होंगी जहां भारतीय खेल प्राधिकरण के मानदंडों के अनुसार अत्याधुनिक प्रशिक्षण, विशेष प्रशिक्षण, बोर्डिंग और ठहरने की सुविधा, खेल किट, खेल उपकरण, प्रतियोगिता प्रदर्शन, बीमा, चिकित्सा व्यय आदि के साथ-साथ अत्याधुनिक सुविधाएं शामिल होंगी। उन्होंने राजनगर प्रखंड क्षेत्र में निवास करने वाले अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि विद्यालय के निर्माण, विद्यालय के विकास एवं छात्रों को विद्यालय तक कैसे पहुंचाएं इसमें समिति एवं प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने आगे कहा इस विद्यालय का उद्देश्य सिर्फ अच्छे भवन एवं अच्छे सुविधाएं प्रदान करना नहीं बल्कि छात्रों को इस विद्यालय से अच्छे विद्यार्थी एवं खिलाड़ी के रूप में तैयार करना है।
झारखंड के कल्याण एवं परिवहन मंत्री चंपई सोरेन ने राजनगर प्रखंड क्षेत्र को ऐतिहासिक स्थान बताया और कहा इस ऐतिहासिक स्थल पर आज आदिवासी बच्चों के लिए शिक्षा की नींव रखी जा रही है। शिक्षा के बगैर समाज का विकास नहीं किया जा सकता, न देश की मुख्य धारा तक समाज को ले जाया जा सकता है । उन्होंने कहा जिस उद्देश्य से विद्यालय का निर्माण किया जा रहा है उसकी प्राप्ति आमजन के सहयोग से ही संभव होगी।

सांसद गीता कोड़ा ने एकलव्य आदर्श मॉडल विद्यालय के शिलान्यास को क्षेत्र के लिए वरदान बताते हुए इसके लिए केन्द्रीय मंत्री को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा अब अभिभावक के रूप में हम सभी की यह जिम्मेवारी बनती है कि विद्यालय की सुविधाओं का कैसे लाभ लें, विद्यालय तक अपने बच्चों को कैसे लाएं, उन्हें भटकने से कैसे बचाएं?
उन्होंने आगे कहा आदिवासी परिवारों के लिए यह एक अच्छा प्रोजेक्ट है जिसे समय पर पूर्ण कर जनता को समर्पित किया जाना चाहिए। उन्होंने आगे कहा मैं उम्मीद करती हूं कि जिस तरह से अन्य एकलव्य विद्यालयों ने अपने नाम रोशन किए हैं उसी तरह यह विद्यालय भी आगे चलकर क्षेत्र के बच्चों को शिक्षा में आगे बढ़ाएं और बच्चे झारखंड के विकास में अपना सहयोग दे सकें।
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त प्रवीण कुमार गागराई, आईटीडीए निदेशक संदीप कुमार दोराईबुरु, अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला तथा अन्य लोग उपस्थित रहे।

Share this News...