कोरोना देश में:पिछले 7 दिनों में पॉजिटिविटी रेट में 6.5% की गिरावट; अब हर 100 टेस्ट में सिर्फ 3 संक्रमित पाए जा रहे


नई दिल्ली
देश में कोरोना की दूसरी लहर लगातार कमजोर होती जा रही है। इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि एक हफ्ते पहले संक्रमण दर 9.1% थी, वह शनिवार को गिरकर 3.2% तक आ गई है। यानी पिछले हफ्ते तक देश में हर 100 टेस्ट में से 10 लोगों में कोरोना की पुष्टि हो रही थी। यह आंकड़ा गिरकर अब 3 और 4 के बीच में पहुंच गया है।
दिल्ली में पॉजिटिविटी रेट 0.50%
दिल्ली में पिछले 24 घंटे में कोरोना के सिर्फ 381 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान 1,189 लोग डिस्चार्ज हुए और 34 लोगों की मौत हो गई। यहां पॉजिटिविटी रेट गिरकर 0.50% हो गई है। दूसरी लहर के पीक के दौरान यह 32% तक हो गई थी। अब दिल्ली में एक्टिव केस महज 5,889 रहे गए हैं।
बीते दिन 20.36 लाख टेस्ट, 1.14 संक्रमित मिले
बीते दिन देश में 20 लाख 36 हजार 311 सैंपल की जांच की गई। इनमें कोरोना के 1 लाख 14 हजार 415 मामले सामने आए। यह पिछले 61 दिनों में एक दिन में मिले संक्रमितों का सबसे कम आंकड़ा है। इससे पहले 5 अप्रैल को 96,573 केस आए थे। वहीं, पिछले 24 घंटों में 2,681 मरीजों की मौत हुई और 1 लाख 89 हजार 89 लोगों ने कोरोना को मात दी है।
इस तरह एक्टिव केस यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में 77,402 की कमी हुई। पिछले 10 दिन की बात करें, तो एक्टिव केस में 9 लाख 42 हजार 424 की कमी रिकॉर्ड की गई और 14 अप्रैल के बाद पहली बार एक्टिव केस का आंकड़ा 15 लाख के नीचे आया है।

देश में कोरोना महामारी आंकड़ों में

बीते 24 घंटे में कुल नए केस आए: 1.14 लाख
बीते 24 घंटे में कुल ठीक हुए: 1.89 लाख
बीते 24 घंटे में कुल मौतें: 2,681
अब तक कुल संक्रमित हो चुके: 2.88 करोड़
अब तक ठीक हुए: 2.69 करोड़
अब तक कुल मौतें: 3.46 लाख
अभी इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या: 14.73 लाख

15 राज्यों में लॉकडाउन जैसी पाबंदियां
देश के 15 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां हैं। इनमें हिमाचल प्रदेश, दिल्ली, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी शामिल हैं। यहां पिछले लॉकडाउन जैसे ही कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं।

Share this News...